PATRIKA24x7

शहीद आरक्षक वसीत रावटे (STF) के गृह ग्राम फागुनदाह (सिंगनवाही) में स्मारक प्रतिमा की हुई स्थापना शहीद को नमन कर दी गई श्रद्धांजलि।

लीलाधर साहू

गुण्डरदेही।

आज दिनांक 09.02.2026 को स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के शहीद आरक्षक वसीत रावटे की स्मृति में उनके गृह ग्राम फागुनदाह (सिंगनवाही) में स्मारक स्थापना व प्रतिमा अनावरण श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक अनिला भेड़िया एवं शहीद के परिजन, STF यूनिट, तथा पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित ग्राम के सम्मानित नागरिकगण उपस्थित रहे।

शहीद आरक्षक वसीत कुमार रावटे का जन्म 26 अक्टूबर 1991 को जिला बालोद के ग्राम फागुनदाह (सिंगनवाही) में हुआ था। वे 12 अप्रैल 2016 को छत्तीसगढ़ पुलिस में आरक्षक के पद पर भर्ती हुए तथा 01 नवम्बर 2017 से स्पेशल टास्क फोर्स में सेवाएं दे रहे थे। दिनांक 06 फरवरी 2025 को जिला बीजापुर के थाना फरसेगढ़ क्षेत्र अंतर्गत नक्सल विरोधी अभियान के दौरान 09 फरवरी 2025 को नेशनल पार्क क्षेत्र में पुलिस बल एवं नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान आरक्षक वसीत कुमार रावटे ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए नक्सलियों का डटकर मुकाबला किया। उन्होंने अपने साथियों की रक्षा करते हुए 06 नक्सलियों को मार गिराया, जबकि अभियान में कुल 31 नक्सली ढेर किए गए। इस दौरान वे वीरगति को प्राप्त हुए।

स्मारक कार्यक्रम में शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बालोद पुलिस की ओर से शहीद के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया।

इस दौरान STF बघेरा से एडिशनल एसपी आकाश शुक्ला (IPS), डीएसपी यादराम बघेल, डीएसपी सतीश ध्रुवे एवं बालोद पुलिस से डीएसपी राजेश बागड़े, डीएसपी बोनिफास एक्का तथा पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी कर्मचारी समेत ग्रामीणजन उपस्थित हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!