PATRIKA24x7

कलेक्टर ने प्राथमिक शाला खपरी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा प्रत्येक स्थिति में मध्यान्ह भोजन का संचालन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।

लीलाधर साहू

गुण्डरदेही।

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने आज डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के प्रवास के दौरान प्राथमिक शाला खपरी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के क्लास रूम में पहुँचकर विद्यार्थियों से पढ़ाई-लिखाई के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को समझाईश देते हुए कहा कि जीवन में तरक्की करने के लिए पढ़ाई-लिखाई बहुत आवश्यक है। मिश्रा ने बच्चों को पूरे मनोयोग एवं तन्मयता के साथ पढ़ाई-लिखाई कर जीवन में उपलब्धि हासिल करने के लिए शुभकामनाएं भी दी। इस दौरान उन्होंने बच्चों से मध्यान्ह भोजन में उन्हें प्रदान की जाने वाली भोजन के संबंध में जानकारी ली।

कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को तलब कर स्कूलों में प्रत्येक स्थिति में मध्यान्ह भोजन का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने कहा कि रसोईयों के हड़ताल पर जाने तथा किसी भी स्थिति में बच्चों के मध्यान्ह भोजन प्रभावित नही होना चाहिए। मिश्रा ने रसोईयों के हड़ताल आदि में जाने पर स्व सहायता समूह के महिलाओं से बातचीत कर प्रत्येक शाला दिवसों में मध्यान्ह भोजन का संचालन सुनिश्चित करने को कहा। इसके लिए उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इस मौके पर कलेक्टर ने विद्यार्थियों को फाइलेरिया बीमारी के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए अनिवार्य रूप से फाइलेरिया की दवाई का सेवन करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने सभी विद्यार्थियों को अपने माता, पिता एवं परिजनों को भी फाइलेरिया की दवाई खाने के लिए प्रेरित करने की भी समझाईश दी। इस दौरान कलेक्टर मिश्रा एवं अधिकारियों ने प्राथमिक शाला खपरी में निर्माणाधीन अतिरिक्त कक्ष का भी निरीक्षण किया।

उन्होेंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्माणाधीन अतिरिक्त कक्ष के समुचित साज-सज्जा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!