PATRIKA24x7

जन्मदिन पर जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने बच्चों के साथ किया न्यौता भोज।

लीलाधर साहू

गुण्डरदेही।

*बालोद :-* जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने अपना जन्मदिन एक अनूठे और प्रेरणादायक तरीके से मनाया। उन्होंने अपने गृह ग्राम रजौली के स्कूल में बच्चों के बीच पहुंचकर न्यौता भोज का आयोजन किया और नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया। ​प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना के तहत न्यौता भोज की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए चंद्राकर ने अपने गांव के शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय के बच्चों के साथ संयुक्त रूप से इस विशेष भोज का आयोजन किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों में पोषण के प्रति जागरूकता फैलाना और समुदाय को स्कूलों से जोड़ना है। ​

स्कूल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। आयोजन में कुल 147 विद्यार्थियों को विशेष स्नेह के साथ भोजन परोसा गया जिसमें ​प्राथमिक विद्यालय के 83 विद्यार्थी और ​माध्यमिक विद्यालय के 64 विद्यार्थी शामिल हुए। चंद्राकर ने स्वयं बच्चों के साथ कतार में बैठकर भोजन ग्रहण किया और उनसे बातचीत कर उनकी पढ़ाई-लिखाई का हाल जाना। भोजन के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्राकर ने बच्चों से उनके सपनों और भविष्य के बारे में चर्चा की जिससे बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने शिक्षकों से स्कूल की व्यवस्थाओं पर चर्चा की और बच्चों को मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस आयोजन के माध्यम से उन्होंने संदेश दिया कि समाज के सक्षम लोग अपने विशेष अवसरों को बच्चों के साथ साझा कर उनके जीवन में खुशियां भर सकते हैं। तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने कहा कि बच्चों की निश्छल मुस्कान और उनके साथ बिताया गया समय किसी भी उपहार से कहीं अधिक मूल्यवान है। जन्मदिन पर इन बच्चों के बीच होना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।

​जिला पंचायत अध्यक्ष के इस सादगी भरी पहल का ​गांव के वरिष्ठ नागरिकों और स्कूल के शिक्षकों ने सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह जमीन से जुड़ाव दिखाना आने वाली पीढ़ी के लिए एक सकारात्मक संदेश है। इस दौरान प्रमुख रूप से राज कुमार बारले प्रधान पाठक, यशवंत साहू,सीमा शर्मा , ललिता बघमार, नीरा खुटेल, ओमप्रकाश साहू, जितेन्द्र साहू, शिक्षक शिक्षिका उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!