PATRIKA24x7

सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने ली बैठक यातायात व्यवस्था सुधारने अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश।

लीलाधर साहू

गुण्डरदेही।

जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर  दिव्या उमेश मिश्रा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक ली।

बैठक में उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने स्पष्ट रूप से कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने के लिए ठोस और सतत कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने वाहनों के अव्यवस्थित पार्किंग, शराब पीकर वाहन चलाने तथा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाकर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों में नियमों के प्रति जागरूकता और अनुशासन दोनों बढ़े।

कलेक्टर मिश्रा ने दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए अधिकारियों से विस्तृत चर्चा कर सुझाव भी लिए। उन्होंने शहर के प्रमुख स्थानों पर सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता होर्डिंग्स लगाने, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर निर्माण कराने तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कलेक्टर मिश्रा ने सभी संबंधित विभागों को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए सड़क सुरक्षा अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

यातायात प्रभारी ने बैठक में जानकारी दी कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बिना हेलमेट वाहन चलाने, शराब सेवन कर ड्राइविंग करने और अव्यवस्थित पार्किंग करने वालों पर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं। बैठक में अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर, सहित लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका, विद्युत विभाग, यातायात पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!