Skip to main content

PATRIKA24x7

कलेक्टर मिश्रा ने सुबह शहर भ्रमण कर जिला मुख्यालय बालोद के व्यवस्थाओं का लिया जायजा।

लीलाधर साहू

गुण्डरदेही।

शहर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने, अतिक्रमण हटाने तथा गुमटियों को निर्धारित स्थल पर शिफ्ट करने के दिए निर्देश

दुध गंगा में साफ-सफाई के अभाव पाए जाने पर तत्काल सील करने के दिए निर्देश।

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने आज सुबह 05 बजे नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चैधरी एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जिला मुख्यालय बालोद का भ्रमण कर शहर के व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर मिश्रा ने सर्किट हाउस बालोद से घड़ी चैक, पुराना बस स्टैंड, सदर रोड, बुधवारी बाजार, मधु चैक, जय स्तम्भ चैक, कला केंद्र, संजारी क्लब, दूध गंगा, गंगासागर तालाब, नया बस स्टैंड आदि स्थानों का पैदल भ्रमण कर शहर की साफ-सफाई, सड़कों की स्थिति, ड्रेनेज आदि विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन पड़ताल किया।

कलेक्टर मिश्रा ने मौके पर उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को बालोद शहर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था कराने तथा अतिक्रमण हटाने शहर के विभिन्न स्थानों में लगाए गए गुमटियों को उचित स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को शहर में चल रहे सड़क चैड़ीकरण एवं डिवाइडर निर्माण कार्य को 31 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से पूरा कराने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर मिश्रा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा कार्य में गति लाने के भी निर्देश दिए।

इस मौके पर कलेक्टर मिश्रा ने शहरी के कचहरी चैक में स्थित दूध गंगा का निरीक्षण कर वहाँ के व्यवस्थाओं का पड़ताल किया। कलेक्टर ने दूध गंगा में समुचित साफ-सफाई नही पाए जाने पर मौके पर उपस्थित एसडीएम नूतन कंवर को तत्काल दूध गंगा को सील करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को सूचित कर दूध गंगा के उत्पादों का समुचित जांच कराने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, एसडीएम नूतन कंवर, तहसीलदार आशुतोष शर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी मोबिन अली सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

इस दौरान कलेक्टर मिश्रा ने घड़ी चैक का अवलोकन कर इसका सौंदर्यीकरण एवं व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पुराना बस स्टैण्ड, सदर रोड, बुधवारी बाजार में पहुँचकर वहाँ की साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। कलेक्टर ने इस मौके पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नही पाए जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मौके पर उपस्थित मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों को शहर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सभी दुकानदारों को अपने दुकान के बाहर डस्टबिन रखवाने के भी निर्देश दिए।

मिश्रा ने अपने दुकान के बाहर डस्टबिन नही रखने एवं साफ-सफाई की व्यवस्था नही करने वाले दुकानदारों से अर्थदण्ड की भी वसूली करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने मौके पर उपस्थित राजस्व एवं नगर पालिका के अधिकारियों को शहर को सुव्यवस्थित बनाने हेतु राजस्व अभिलेखों के आधार पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने को कहा। इस मौके पर कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ मधु चैके एवं अन्य स्थानों पर लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क चैड़ीकरण कार्य के अंतर्गत किए जा रहे नाली निर्माण के कार्य का भी अवलोकन किया। कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सभी निर्माणाधीन कार्य को 31 अप्रैल तक गुणवत्तायुक्त ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान कलेक्टर मिश्रा ने शहर के बुधवारी बाजार में पहुँचकर वहाँ की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को बुधवारी बाजार में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने तथा मछली, मटन, चिकन मार्केट को हटाकर उचित स्थान पर शिफ्ट करने के भी निर्देश दिए।

इस मौके पर कलेक्टर मिश्रा ने गंगा सगार तालाब का भी अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को तालाब के किनारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने जय स्तंभ चैक में स्थित कला केन्द्र, संजारी क्लब आदि का भी निरीक्षण किया। उन्होेंने अधिकारियों को संजारी क्लब में बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण हेतु प्राक्कलन प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए। मिश्रा ने दुध गंगा का निरीक्षण कर वहाँ की व्यवस्थाओं का पड़ताल किया।

कलेक्टर ने दूध गंगा में साफ-सफाई एवं वहाँ निर्मित खाद्य पदार्थों की रखरखाव की उचित व्यवस्था नही होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए मौके पर उपस्थित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। मिश्रा ने एसडीएम नूतन कंवर को तलब कर दूध गंगा को तत्काल सील करने तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था होने तक इसके संचालन पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ नया बस स्टैण्ड में पहुँचकर वहाँ की व्यवस्थाओं का पड़ताल किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को नया बस स्टैण्ड को व्यवस्थित एवं सुंदर बनाने के भी निर्देश दिए।

मिश्रा ने नगर पालिका के अधिकारियों को नया बस स्टैण्ड के रिक्शा स्टैण्ड में बाहर निकले पाईप को भी तत्काल ठीक करने को कहा। इस दौरान उन्होंने नया बस स्टैण्ड से होकर गुजरने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्य के अंतर्गत नाली निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित राष्ट्रीय राजमार्ग के अनुविभागीय अधिकारी को नाली निर्माण के कार्य को शीघ्र पूरा करने के भी निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!