Skip to main content

PATRIKA24x7

बालोद जिले में रजत जयंती महोत्सव का सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित की जाए: कलेक्टर मिश्रा।

लीलाधर साहू

गुण्डरदेही।

समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
सड़क दुर्घटना के रोकथाम हेतु किए जा रहे उपायों की समीक्षा की।

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25वें वर्ष पूरे होने के अवसर पर 15 अगस्त से समूचे छत्तीसगढ़ राज्य में आयोजित रजत जयंती वर्ष के अंतर्गत बालोद जिले में भी रजत जयंती महोत्सव के सफल एवं बेहतर आयोजन हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर मिश्रा आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में सभी विभाग एवं कार्यालय प्रमुखों को उक्ताशय के निर्देश दिए हैं।

बैठक में मिश्रा ने जिले में सड़क दुर्घटना के रोकथाम हेतु किए जा रहे उपायों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को इसके लिए पुख्ता उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, अजय किशोर लकरा एवं नूतन कंवर सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि 01 नवबंर 2000 को भारत का 26वां राज्य बनने के बाद छत्तीसगढ़ राज्य में अपनी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को सहेज कर विकास के लक्ष्यों को हासिल करते हुए देश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य गठन के पश्चात् राज्य में 25 वर्ष की महत्वपूर्ण एवं उपलब्धि भरे इस यात्रा को यादगार एवं चीरस्मरणीय बनाने हेतु वर्ष 2025-26 को रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाए जाने का निर्णय लिया गया है। कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि 15 अगस्त से राज्य में रजत जयंती महोत्सव का शुभारंभ कर दिया गया है।

इसके पश्चात् आगामी 25 सप्ताह तक निरंतर रजत जयंती महोत्सव के अंतर्गत सभी विभागों के द्वारा निरंतर विभिन्न प्रकार के गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार राज्य स्तरीय आयोजनों के अलावा जिला, विकासखण्ड एवं ग्राम पंचायत, वार्ड स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। राज्य शासन द्वारा इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किया गया है। मिश्रा ने जिला स्तरीय कार्यक्रमों में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को रजत जयंती महोत्सव के अंतर्गत जिले में आयोजित प्रत्येक गतिविधियों के दौरान राज्य शासन से प्राप्त ’लोगो’ का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के भी निर्देश दिए है। मिश्रा ने इस दौरान जिले में आयोजित विभिन्न गतिविधियों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों का अनिवार्य रूप से अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए हैं। बैठक में कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को राज्य शासन द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देश के आधार पर निर्धारित तिथियों में अपने-अपने विभाग से संबंधित गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

बैठक में मिश्रा ने जिले में सड़क दुर्घटना की रोकथाम हेतु किए जा रहे उपायों के अंतर्गत सड़कों में विचरण करने वाले मवेशियों को सड़कों एवं अन्य आवश्यक स्थानों से हटाने हेतु की जा रही कार्रवाई के संबंध में भी जानकारी ली। इसके लिए उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को जरूरी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मिश्रा ने सड़क सुरक्षा के उपायों के अंतर्गत पुलिस एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को जोखिम वाले स्थानों को चिन्हित कर इन स्थानों पर दुर्घटना के रोकथाम हेतु स्थाई उपाय करने को कहा। कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा के कार्य में भागीदारी सुनिश्चित करना प्रत्येक नागरिकों की नैतिक जिम्मेदारी है।

इसलिए इस कार्य में सामाजिक भागीदारी भी सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। बैठक में कलेक्टर मिश्रा ने निराश्रित, घुमन्तू एवं जप्त किए गए गौवंश पशुओं का समुचित देखभाल हेतु राज्य शासन के गौधाम योजना के अंतर्गत जिले में गौधामों निर्माण कार्य के प्रक्रिया की भी समीक्षा की। कलेक्टर मिश्रा ने सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को जिले के प्रत्येक विकासखण्डों में गौधाम निर्माण हेतु उपयुक्त शासकीय भूमि का चयन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मिश्रा ने जिले में डिजिटल फसल सर्वेक्षण कार्य एवं किसान पंजीयन कार्य की समीक्षा करते हुए इस कार्य को विशेष प्राथमिकता के साथ निर्धारित समयावधि में पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने आदि कर्मयोगी अभियान, कुपोषण दूर करने के उपाय, अधिकारी-कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति, वृक्षारोपण अभियान तथा समय-सीमा के लंबित प्रकरणों के समय पर निराकरण हेतु की जा रही कार्रवाई की भी विस्तृत समीक्षा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!