लीलाधर साहू
गुण्डरदेही।
बालोद, 18 सितंबर 2025: प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, रायपुर के सौजन्य से विकासखंड स्तरीय राष्ट्रीय विज्ञान सेमिनार 2025-26 का आयोजन स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, बालोद में बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस सेमिनार का उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तकनीकी कौशल और नवाचार को बढ़ावा देना है। इस वर्ष सेमिनार का विषय था- “क्वांटम युग का आगाज़: संभावनाएं और चुनौतियां”, जो आधुनिक विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलावों पर केंद्रित था।
इस प्रतियोगिता में शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की कक्षा 10वीं की मेधावी छात्रा रोशनी साहू ने अपनी शानदार प्रस्तुति और गहन वैज्ञानिक समझ के दम पर प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय और अपने शिक्षकों का नाम रोशन किया।
रोशनी की इस उपलब्धि के पीछे उनके प्रभारी शिक्षक श्री राजेंद्र कुमार वर्मा की कड़ी मेहनत और मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। यह सेमिनार राष्ट्रीय स्तर तक आयोजित किया जाता है, और प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली रोशनी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी, जहां वह अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगी। इस अवसर पर स्कूल के शिक्षकों, छात्रों और स्थानीय समुदाय ने रोशनी को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

