PATRIKA24x7

शारदीय नवरात्रि: गुंडरदेही के चंडी मंदिर में धूमधाम से हुई कलश स्थापना, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने लिया आशीर्वाद।

लीलाधर साहू

गुण्डरदेही।

आज से शारदीय नवरात्रि का पावन पर्व पूरे प्रदेश में बड़े ही उत्साह के साथ शुरू हो गया है। गुंडरदेही के सबसे पुराने और प्रसिद्ध चंडी मंदिर में भी धार्मिक अनुष्ठान के साथ धूमधाम से ज्योति कलश की स्थापना की गई। इस दौरान, माता रानी के दर्शन और पूजन के लिए कई गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

चंडी मंदिर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की बेटी नेवृत्ति कंवर और उनके दामाद तिमिरेंदु शेखर कंवर ने भी शिरकत की। उनके साथ नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन, पूर्व विधायक राजेंद्र राय और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गीता देवी राय जी भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और पूरे नगर की सुख-समृद्धि के लिए माता का आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने बताया कि नवरात्रि का यह पावन पर्व हिंदू धर्म में बहुत महत्वपूर्ण स्थान रखता है और पूरे नौ दिनों तक माता की सेवा की जाती है। उन्होंने बताया कि चंडी मंदिर की परंपरा बहुत पुरानी है और हर साल यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।

इस कार्यक्रम में चंडी मंदिर समिति के अध्यक्ष सोहन सोनी, कोषाध्यक्ष रवि मानिकपुरी, बैगा और अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए। पूरे नगर में आज जगह-जगह माता की मूर्ति भी स्थापित की जाएगी, जिसके साथ ही नौ दिनों तक भक्ति और सेवा का यह महापर्व चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!