गुण्डरदेही।
छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू समाज में पदाधिकारियों के चुनाव के बाद अब लगातार सभी तहसीलों में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को सफला एकादशी के पावन अवसर पर तहसील साहू संघ गुण्डरदेही का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।
इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला साहू संघ बालोद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष महेंद्र साहू उपस्थित रहे। उनके साथ-साथ कई अन्य सामाजिक एवं राजनीतिक जनप्रतिनिधि भी अतिथि के रूप में मौजूद थे, जिन्होंने नवनिर्वाचित टीम को बधाई दी।

दूसरी बार अध्यक्ष बने डॉ. मानसिंह सार्वा
तहसील साहू संघ गुण्डरदेहि के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों में डॉ. मानसिंह सारवा ने दूसरी बार अध्यक्ष पद की शपथ ली, जो समाज के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है। उनके साथ उपाध्यक्ष हेमंत साहू ने भी लगातार दूसरी बार उपाध्यक्ष पद के लिए शपथ ग्रहण किया। इनके अलावा, रामदुलारी साहू, किशन साहू और तीरथ देवी साहू सहित पूरी मनोनीत कार्यकारिणी ने पद की गोपनीयता और निस्वार्थ भाव से समाज सेवा करने का संकल्प लिया।
पूर्व पदाधिकारियों का सम्मान
इस अवसर पर तहसील साहू संघ द्वारा एक अत्यंत सराहनीय कदम उठाया गया। समाज के प्रति उनके योगदान के लिए पूर्व पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर स-सम्मान विदाई दी गई। साथ ही, कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि महेंद्र साहू ने दिया मार्गदर्शन
मुख्य अतिथि जिला साहू संघ अध्यक्ष महेंद्र साहू ने अपने उद्बोधन में समाज के लोगों को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि कैसे राजनीतिक क्षेत्र में समाज को आगे रखकर अपने अधिकारों का उपयोग समाजहित में करके, समाज सेवा और समाज का नाम रोशन किया जा सकता है। तहसील साहू संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. मानसिंह सारवा ने समारोह में उपस्थित सभी ग्रामीण और परिक्षेत्रीय पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा की।

