लीलाधर साहू
गुण्डरदेही।
भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म जयंती ‘सुशासन दिवस’ के गौरवशाली अवसर पर केंद्र एवं राज्य शासन के निर्देशानुसार “प्रशासन गांव की ओर 2025” राष्ट्रीय अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत कार्यालय गुंडरदेही में एक विशाल जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर माल्यार्पण, पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।

*दिग्गज नेताओं और जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थित*
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में रूपनारायण सिन्हा (अध्यक्ष, योग आयोग), चेमन देशमुख (अध्यक्ष, जिला भाजपा बालोद), श्रीमती तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर (अध्यक्ष, जिला पंचायत बालोद), राजेंद्र राय एवं वीरेंद्र साहू (पूर्व विधायक, गुंडरदेही) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने की।
विशिष्ट अतिथियों में जनपद पंचायत अध्यक्ष पुरुषोत्तम चंद्राकर, नगर पंचायत उपाध्यक्ष विजय सोनकर, जनभागीदारी अध्यक्ष अश्वनी यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष युवराज मारकंडे, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष गुलशन साहू, महामंत्री अनूप देशमुख सहित पार्षदगण पोषण बन्नूराम निषाद, हरीश निषाद, संतोष नेताम, लोकेश्वरी शंकर यादव, रामबती सोनकर, हेमंत सोनकर, सुल्ताना तिगाला, सलीम खान, लता सोहन सोनी, पूजा बिंझेकर, शैल महोबिया, फैज़ बख्श, सेवक महिपाल और रोमलाल यादव विशेष रूप से उपस्थित थे।
*मौके पर हुआ आवेदनों का त्वरित निराकरण*

शिविर में शासन के समस्त विभागों के स्टाल लगाए गए थे, जहां कुल 121 आवेदन प्राप्त हुए। सुशासन की अवधारणा को साकार करते हुए कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जिनमें शामिल हैं:
* जन्म प्रमाण पत्र: 03 हितग्राही
* राशन कार्ड: 06 हितग्राही
* मृत्यु प्रमाण पत्र: 03 हितग्राही
* बिजली विभाग: 02 आवेदन
* नामांतरण: 01 आवेदन
*प्रधानमंत्री आवास :01 आवेदन
* उज्ज्वला योजना: शिविर के दौरान 65 हितग्राहियों को गैस सिलेंडर का वितरण कर उन्हें धुंआ मुक्त रसोई का उपहार दिया गया।
“*अटल जी का जीवन ही सुशासन का मार्गदर्शक” – प्रमोद जैन*
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने अटल बिहारी वाजपेयी जी को नमन करते हुए कहा, “अटल जी का मानना था कि विकास की पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुँचना ही असली सुशासन है। आज हम उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए ‘प्रशासन गांव की ओर’ अभियान के माध्यम से जनता की समस्याओं को उनके द्वार पर ही हल करने का प्रयास कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य नगर के हर नागरिक को सरल और पारदर्शी प्रशासन देना है।”
कार्यक्रम के दौरान अन्य अतिथियों ने भी शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और कहा राज्य सरकार महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है तो वहीं कृषक उन्नति योजना के जरिए किसानों को उनकी मेहनत का सही दाम सुनिश्चित किया जा रहा है रामलला दर्शन योजना से प्रदेश के नागरिकों को निशुल्क को तीर्थ यात्रा कराई जा रही है प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हर गरीब का अपना पक्का घर होने का सपना सच हो रहा है लोगों को उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने हेतु प्रोत्साहित किया। जन समस्या निवारण शिविर का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में सरकारी लाभ से वंचित न हो।इस अवसर पर नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल की सराहना की।

