PATRIKA24x7

धान खरीदी केन्द्रों के बेहतर व्यवस्था की बालोद जिले की किसानों ने की सराहना।

लीलाधर साहू

गुण्डरदेही।

धान बिक्री के 02 दिन के पश्चात् खाते में राशि जमा होने से किसान त्रिलोचन के खुशी का नही रहा ठिकाना।

छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य के अन्नदाता किसानों के मेहनत का सम्मान करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर एवं आर्थिक संबलता प्रदान करने हेतु राज्य में लागू की गई समर्थन मूल्य पर धान खरीदी योजना के अंतर्गत खरीदी केन्द्रों की बेहतर व्यवस्था की बालोद जिले के किसानों ने मुक्तकंठ से सराहना की है। जिले के किसानों ने धान खरीदी केन्द्रों की व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि टोकन जारी करने से लेकर नाप तौल तथा खरीदी की उत्तम एवं बेहतर व्यवस्था के फलस्वरूप हम किसानों को अपने धान की बिक्री करने में किसी भी प्रकार की परेशानी नही हो रही है।

इसके अलावा धान खरीदी केन्द्रों में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके लिए शुद्ध पेयजल, छांव, शौचालय, तथा मेडिकल आदि की भी व्यवस्था की गई है। जिससे की किसानों को धान खरीदी केन्द्र में किसी भी प्रकार की असुविधा नही हो रही है। राज्य सरकार द्वारा धान खरीदी कार्य को सुचारू रूप से संपन्न करने हेतु की गई व्यवस्था के फलस्वरूप गुरूर विकासखण्ड के धान खरीदी केन्द्र पलारी के अंतर्गत ग्राम बोहारा के कृषक त्रिलोचन मटियारा को अपनी धान की बिक्री के 02 दिनों के उपरांत उनके खाते में राशि जमा हो जाने से किसान त्रिलोचन के खुशी का भी ठिकाना नही रहा। किसान त्रिलोचन ने राज्य शासन की इस बेहतर व्यवस्था की सराहना करते हुए धान खरीदी योजना को जनकल्याणकारी एवं किसान हितैषी योजना बताया।

किसान त्रिलोचन मटियारा ने बताया कि टोकन जारी होनेे के बाद उन्होंने 24 दिसंबर को धान खरीदी केन्द्र पलारी में पहुँचकर कुल 11 क्विंटल 20 किलो पतला धान की बिक्री की थी। उन्होंने बताया कि इसके पश्चात् 48 घण्टे के बाद उनके खाते में 26 हजार 756 रुपये की राशि जमा हो गया।

किसान त्रिलोचन ने कहा कि धान बिक्री के पश्चात् इतनी कम अवधि में राशि का जमा होना उनके जैसे निम्न मध्यम वर्गीय किसान के लिए अत्यंत मददगार है। उन्होंने बताया कि उनके पास कुल आधा एकड़ कृषि भूमि है। जिस पर खेती किसान एवं मेहतन मजदूरी कर वे और उनका परिवार जीवनयापन करते हैं। किसान त्रिलोचन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाले छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 3100 रूपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी योजना लागू कर हम किसानों को मुश्किल वक्त में सहारा प्रदान करने का अत्यंत जनहितैषी कार्य किया है।

इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को हृदय से धन्यवाद भी ज्ञापित किया। जिले के धान खरीदी केन्द्रों की व्यवस्था की सराहना ग्राम पलारी के कृषक भरतलाल साहू, महेश साहू, ग्राम सांगली कृषक कौशल साहू, बोहरा सुरेश साहू सहित जिले के अन्य कृषकों ने भी धान खरीदी केन्द्रों की व्यवस्था को बेहतर एवं उत्तम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!