लीलाधर साहू
गुण्डरदेही।
*ऐतिहासिक सौगात: ओवरब्रिज, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और सामुदायिक भवनों के साथ 40 साल का ‘पट्टा’ इंतजार भी होगा खत्म*
नगर पंचायत गुण्डरदेही के इतिहास में 8 जनवरी 2026 का दिन स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस दिन गुण्डरदेही प्रवास पर रहेंगे, जहाँ वे 100 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। इस दौरे की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी वह गरीब परिवार होंगे, जो पिछले 30 से 40 वर्षों से अपने घर के मालिकाना हक (पट्टे) का इंतजार कर रहे थे। मुख्यमंत्री अपने हाथों से इन पात्र हितग्राहियों को पट्टा प्रदान कर उनके सपनों को साकार करेंगे।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन, पूर्व विधायक राजेंद्र राय एवं टीकाराम कंवर ने मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें इस वृहद कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री जी ने सहर्ष आमंत्रण स्वीकार करते हुए नगर के विकास को नई गति देने की सहमति जताई है।
*दशकों पुराना ‘पट्टा’ सपना होगा सच*
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने एक संवेदनशील पहल करते हुए उन गरीब परिवारों की पहचान कर ली है, जो पिछले कई दशकों (30-40 वर्ष) से शासकीय/तालाब के किनारे भूमि पर काबिज हैं। अब तक मालिकाना हक न होने के कारण इन परिवारों को कई शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई होती थी। मुख्यमंत्री के हाथों पट्टा वितरण की प्रक्रिया शुरू होने से इन परिवारों को अपने स्वयं के पक्के मकान और सुरक्षित भविष्य की गारंटी मिलेगी।
*विकास कार्यों की विस्तृत रूपरेखा*
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन के नेतृत्व में तैयार इस ‘विकास रोडमैप’ में हर वर्ग का ध्यान रखा गया है:
* यातायात में क्रांति (54 करोड़): सेतु विभाग द्वारा स्वीकृत ओवरब्रिज का टेंडर हो चुका है। इसका भूमिपूजन होने के बाद शहर को रेलवे क्रॉसिंग और जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी।
* व्यापार को बढ़ावा (1.17 करोड़): शहर के मध्य 40 दुकानों वाले शानदार व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।
* वार्डों का सौंदर्यीकरण (52 लाख): वार्ड क्रमांक 12 और 13 में आधुनिक फुटपाथों का निर्माण किया जाएगा, जिससे वार्डों की सूरत बदलेगी।
* अधोसंरचना मजबूती (3.40 करोड़): अधोसंरचना मद से विभिन्न निर्माण कार्यों के जरिए नगर की गलियों और चौक-चौराहों को व्यवस्थित किया जाएगा।
* सामाजिक समरसता (55 लाख): साहू, सोनकर और मुस्लिम समाज के लिए भव्य सामुदायिक भवनों का निर्माण कराया जाएगा, ताकि सामाजिक कार्यक्रमों के लिए सर्वसुविधायुक्त स्थान मिल सके। साथ ही गुण्डरदेही विधानसभा अंतर्गत ग्राम माहुद(बी ) के कॉलेज भवन का भूमि पूजन, रंगकठेरा में कंवर समाज के सामुदायिक भवन का भूमि पूजन एवं गुण्डरदेही ब्लॉक में स्वीकृत कॉलेज ,स्कूल ,सामुदायिक भवन ,रोड ,पानी टंकी एवं अन्य विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं उद्घाटन भी किया जाएगा।
*नगर में उत्साह का माहौल*
मुख्यमंत्री के आगमन और 100 करोड़ की सौगातों की खबर से पूरे गुण्डरदेही क्षेत्र में हर्ष की लहर है। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने कहा कि “यह केवल ईंट और पत्थर का विकास नहीं है, बल्कि दशकों से रह रहे गरीबों को उनका अधिकार दिलाने और गुण्डरदेही को एक आधुनिक शहर बनाने का संकल्प है।” 8 जनवरी को होने वाले इस भव्य आयोजन की तैयारियां प्रशासन और नगर पंचायत द्वारा युद्ध स्तर पर शुरू कर दी गई हैं।

