PATRIKA24x7

शहीद कौशल यादव महाविद्यालय में वार्षिक स्नेह सम्मेलन का हुआ भव्य आयोजन।

लीलाधर साहू

गुण्डरदेही।

*विधायक कुंवर सिंह निषाद और जिला पंचायत अध्यक्ष ने मेधावी छात्र-छात्राओं को किया पुरस्कृत*

*बालोद :-* गुण्डरदेही के प्रतिष्ठित शासकीय शहीद कौशल यादव महाविद्यालय में वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह अत्यंत उत्साह और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस गरिमामय आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में गुण्डरदेही विधानसभा के विधायक कुंवर सिंह निषाद उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत बालोद की अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने की। समारोह का शुभारंभ माँ सरस्वती और शहीद कौशल यादव के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति और आधुनिक कला का संगम प्रस्तुत किया। करमा, ददरिया और सुआ नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

वार्षिक प्रतिवेदन के बाद अतिथियों द्वारा शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, खेलकूद प्रतियोगिता के विजेताओं और सांस्कृतिक गतिविधियों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। *विधायक कुंवर सिंह निषाद* ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, युवा शक्ति ही देश और समाज का भविष्य है। शहीद कौशल यादव के नाम पर स्थापित यह महाविद्यालय क्षेत्र के युवाओं को न केवल शिक्षा बल्कि संस्कार भी दे रहा है। लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करें, सफलता अवश्य मिलेगी।

*जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर* ने छात्राओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना की और कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। वार्षिक स्नेह सम्मेलन विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभा को निखारने का एक सशक्त माध्यम है। शिक्षा के साथ-साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेना व्यक्तित्व विकास के लिए अनिवार्य है। उन्होंने शहीद कौशल यादव के बलिदान को याद करते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया और महाविद्यालय के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

*इनकी रही गरिमामय उपस्थिति*
कार्यक्रम में अश्वनी यादव अध्यक्ष जनभागीदारी समिती,प्रमोद जैन अध्यक्ष नगर पंचायत गुण्डरदेही, संजय साहू पूर्व अध्यक्ष जनभागीदारी समिती,अश्वनी सोनकर पूर्व सरपंच, डॉ चन्दना बोस प्राचार्य, के डी चावलो प्रोफेसर , समस्त शिक्षक एवं विद्यार्थीगण,महाविद्यालय के जनभागीदारी सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय के प्राचार्य, समस्त प्राध्यापक गण, कर्मचारी एवं भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन के साथ शांतिपूर्ण तरीके से समारोह का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!