गुण्डरदेही।
दुधली में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी में 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन रखा गया। इस अवसर पर युवाओं में देशसेवा और मानवता के प्रति अद्भुत उत्साह देखने को मिला। रक्तदान के लिए रोवर्स-रेंजर्स, स्काउट्स एवं गाइड्स की लंबी कतारें लग गई और पूरा जंबूरी परिसर सेवा भाव से सराबोर नजर आया। छत्तीसगढ़, हरियाणा, राजस्थान एवं अन्य प्रांतों से आए से आए रोवर- रेंजर्स ने बढ़-चढ़कर रक्तदान कर स्वामी विवेकानंद के “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको” के संदेश को चरितार्थ किया।
युवाओं ने यह सिद्ध कर दिया कि आज की पीढ़ी केवल बातों में नहीं, बल्कि कर्म से राष्ट्र निर्माण में विश्वास रखती है। जंबूरी कैम्प में निर्मित अस्थायी अस्पताल में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ राज्य मुख्यालय (एसएचक्यू) एवं राष्ट्रीय मुख्यालय (एनएचक्यू) के तत्वावधान में स्व अटल बिहारी बाजपेयी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, राजनांदगांव तथा रेडक्रॉस सोसायटी की संयुक्त टीम द्वारा विधिवत एवं सुरक्षित रूप से रक्तदान कराया गया। चिकित्सा टीम की सतर्कता और सुव्यवस्थित प्रबंधन से शिविर पूर्णतः सफल रहा।
रक्तदान करने वाले सभी युवाओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर यह संदेश स्पष्ट रूप से उभरकर सामने आया कि स्काउटिंग केवल प्रशिक्षण या अनुशासन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और मानवता के लिए समर्पण का जीवंत उदाहरण है। राष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित यह रक्तदान शिविर जंबूरी की सबसे प्रेरणादायी गतिविधियों में शामिल रहा, जिसने युवाओं में सेवा, त्याग और राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

