गुण्डरदेही।
जामगांव आर से गुण्डरदेही तक लगभग 15 किलोमीटर लंबे अत्यंत जर्जर मार्ग के शीघ्र नवीनीकरण/नए निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों द्वारा माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के नाम ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन माननीय अनुविभागीय अधिकारी, गुण्डरदेही, जिला बालोद के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि जामगांव आर–गुण्डरदेही मार्ग लगभग 20 ग्रामों के आवागमन का प्रमुख साधन होने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर को जोड़ने वाला एक अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। विगत कई वर्षों से यह मार्ग अत्यंत जर्जर अवस्था में है, जिससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों, मरीजों तथा आपातकालीन सेवाओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिससे जन-धन की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। पूर्व में कई बार संबंधित विभागों एवं प्रशासन को आवेदन एवं ज्ञापन दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो पाई है, जिससे क्षेत्रवासियों में गहरा रोष व्याप्त है।
ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र के समस्त ग्रामीणजनों ने एक स्वर में माननीय मुख्यमंत्री एवं प्रशासन से आग्रह किया कि जनहित, सुरक्षा एवं क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए जामगांव आर–गुण्डरदेही मार्ग का शीघ्र नवीनीकरण अथवा नवीन सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सकारात्मक कार्यवाही नहीं की गई, तो वे जन आंदोलन, धरना-प्रदर्शन एवं चक्का जाम जैसे लोकतांत्रिक कदम उठाने को विवश होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर संजय साहू (पूर्व जनपद सदस्य), सलीम खान, रवि तिवारी, रामेश्वर चन्द्राकर (जनपद सदस्य), हेमन्त चन्द्राकर, मनीष तिवारी, रमीज रज़ा, रिंकू गुप्ता,केवलचन्द साहू, दिमेंद्र साहू, ओमप्रकाश साहू, भोजराम, गजेंद्र निर्मलकर, धनंजय साहू, अलखराम साहू, लेखराम चन्द्राकर, प्रताप ठाकुर, हरबंस साहू, नंदकिशोर ठाकुर, सूर्यकांत ठाकुर, राकेश साहू सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

