PATRIKA24x7

ग्राम दुधली में ‘वीबी जी राम जी’ कार्यशाला संपन्न, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र चंद्राकर ने दी सौगातों की जानकारी।

लीलाधर साहू

गुण्डरदेही।

*बालोद :-* जिले के ग्राम दुधली में आयोजित वीबी जी राम जी कार्यशाला में श्रमिकों और ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बना। इस विशेष कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र चंद्राकर शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में मजदूरों के हित में सरकार की नई योजनाओं और सुविधाओं का विस्तार से खाका पेश किया। उन्होंने इस योजना को रोजगार के क्षेत्र में बड़ा कदम बताया और कहा कि अब 100 नहीं, 125 दिन का काम मिलेगा।

उन्होंने बताया कि अब मनरेगा के तहत मिलने वाले रोजगार की सीमा को बढ़ा दिया गया है। पहले जहां साल में 100 दिन का रोजगार मिलता था, अब उसे बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। इस कदम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और मजदूरों के हाथ में 25 दिनों का अतिरिक्त वेतन आएगा, जो उनके परिवार के आर्थिक उन्नति में सहायक होगा। सिर्फ रोजगार के दिन ही नहीं, बल्कि चंद्राकर ने कार्यशाला में कई अन्य महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं और सौगातों पर भी प्रकाश डाला।

अपने भाषण में पुष्पेंद्र चंद्राकर ने कहा, मजदूर राष्ट्र और समाज के निर्माता हैं। उनके पसीने की हर बूंद का सम्मान करना हमारी प्राथमिकता है। 125 दिन का रोजगार देना केवल श्रमिकों के जीवन में खुशहाली लाने की एक प्रतिबद्धता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपना पंजीकरण कराएं और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की सुविधाओं से वंचित न रहे। वीबी जी रामजी योजना के अंतर्गत ग्रामीण श्रमिकों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा।

जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं ग्राम पंचायतों में योजना के तहत डबरी निर्माण, तालाब गहरीकरण, सड़क, जल संरक्षण एवं अन्य श्रम आधारित कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा। यह योजना ग्रामीण भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों की रोजगार गारंटी, समय पर मजदूरी भुगतान एवं स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्यक्रम में बताया गया कि वीबी जी रामजी योजना, पूर्व की मनरेगा योजना का विस्तार करते हुए ग्रामीण श्रमिकों को अधिक रोजगार, बेहतर आय और सामाजिक सुरक्षा प्रदान कर रही है।

समयबद्ध मजदूरी भुगतान से श्रमिकों का शासन पर विश्वास बढ़ा है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। उन्होंने जानकारी दी कि इस योजना के अंतर्गत यदि समयावधि में भुगतान नहीं होता है, तो श्रमिकों को ब्याज सहित राशि प्रदान की जाती है। इससे मजदूरी भुगतान में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी। वीबी जी रामजी योजना के माध्यम से जिले के गांवों में स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण होगा, जिससे कृषि उत्पादन, जलस्तर सुधार और ग्रामीण अधोसंरचना को बल मिलेगा। इससे पलायन में कमी आएगी तथा महिलाओं एवं युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

कार्यशाला में मुख्य रूप से चुन्नी मानकर सभापति जिला पंचायत बालोद, लाल निवेंद्र टेकाम अध्यक्ष नगर पंचायत डौंडीलोहारा, प्रीतम साहू संयोजक जी राम जी, हेमलाल देशलहरा उपाध्यक्ष मण्डल, यशराज शर्मा, कौशल्या ठाकुर, जनपद सदस्य, रोहणी पिस्दा जनपद सदस्य, टिकेश्वरी साहू जनपद सदस्य, सुरेन्द्र देशमुख, नेहा उपाध्यक्ष नगर पंचायत, ममता यादव, सूर्यकला ठाकुर, रेवती कलियारी, त्रयोदश मुकेश सरपंच रजोली, हिरेंद्र गायकवाड़स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंच-सरपंचों और भारी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुषों ने हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!