PATRIKA24x7

बालोद में ‘परीक्षा उत्सव’ का शुभारंभ: 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 6552 परीक्षार्थी हुए शामिल, डीईओ ने बच्चों को तिलक लगाकर दी शुभकामनाएं।

लीलाधर साहू

गुण्डरदेही।

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) की मुख्य परीक्षा आज बालोद जिले में शांतिपूर्ण और उत्सव के माहौल में शुरू हुई। जिले के 111 परीक्षा केंद्रों पर पहले दिन भौतिक शास्त्र और भूगोल विषय की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में कुल 6,600 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 6,552 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 48 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। पूरे जिले में नकल का एक भी प्रकरण सामने नहीं आया।

परीक्षा के पहले दिन जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए एक अभिनव पहल की। वे परीक्षा शुरू होने से पहले सरस्वती शिशु मंदिर, बालोद पहुंचीं। वहां उन्होंने परीक्षार्थियों के मस्तक पर तिलक लगाया और उनका मुंह मीठा कराया।
डीईओ ने छात्र-छात्राओं को बिना किसी डर और तनाव के परीक्षा को एक ‘उत्सव’ के रूप में मनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बच्चों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उन्हें सफलता और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

परीक्षा को सुचारू और नकल विहीन संपन्न कराने के लिए जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल पूरी तरह मुस्तैद रहा। पहले दिन दल ने सेजेस कन्नेवाड़ा, सेजेस झलमला, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जं/सांकरा और शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बघमरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण करने वाले दल में डीईओ मधुलिका तिवारी के साथ सहायक परियोजना समन्वयक लेख राम साहू, एबीओ मोहिनी यादव व उमा ठाकुर, जिला खेल समन्वयक सपन जेना और व्यायाम शिक्षक सुरेश शांडिल्य व आदिला खान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!