गुण्डरदेही।
शासकीय महाविद्यालय बालोद की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ग्राम पटेली में दिनांक 16 फरवरी से 22 फरवरी 2026 तक “नशा मुक्त समाज के लिए युवा” थीम पर सात दिवसीय विशेष शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में 50 स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर ग्रामवासियों के बीच विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं जागरूकता गतिविधियों का प्रभावी संचालन किया।
शिविर के प्रथम दिवस उद्घाटन समारोह ग्राम पटेली के सरपंच, पंचायत पटेली के समस्त पंच, वरिष्ठ नागरिकों तथा कार्यक्रम अधिकारी प्रो. जी. एन. खरे की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। उद्घाटन अवसर पर अतिथियों ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य, समाज सेवा की भावना और युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला तथा स्वयंसेवकों को सेवा कार्य हेतु प्रेरित किया।
सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा स्वच्छता अभियान, नशा मुक्ति जागरूकता, प्लास्टिक उन्मूलन, व्यक्तित्व विकास, यातायात सुरक्षा, नारी सशक्तिकरण, साइबर अपराध से बचाव, मतदाता जागरूकता तथा अंधविश्वास उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। स्वयंसेवकों ने दीवारों पर प्रेरक उद्बोधन लेखन, जोशीले नारे एवं गीतों के माध्यम से प्रत्येक दिन प्रातः गांव के गली-मोहल्लों, चौक-चौराहों में प्रभात फेरी निकालकर ग्रामीणों को जागरूक किया।
इसके साथ ही शिविर में प्रतिदिन व्यायाम, प्राणायाम एवं मेडिटेशन का अभ्यास कराया गया, जिससे ग्रामीणों एवं स्वयंसेवकों को शारीरिक रूप से स्वस्थ तथा मानसिक रूप से संतुलित रहने का संदेश दिया गया। बौद्धिक परिचर्चा सत्र में राष्ट्रीय सेवा योजना की जिला संगठक डॉ. लीना साहू ने अपने व्याख्यान में स्वयंसेवकों को सफल आयोजन हेतु बधाई दी तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व पर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया।
वरिष्ठ स्वयंसेवकों द्वारा भी शिविर के दौरान महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया गया, जिसमें समय प्रबंधन, टीम वर्क, नेतृत्व विकास, लक्ष्य निर्धारण एवं शिविर संचालन की कार्यपद्धति पर विशेष चर्चा की गई। इससे कनिष्ठ स्वयंसेवकों में कार्य के प्रति अनुशासन, जिम्मेदारी और दक्षता का विकास हुआ।
प्रत्येक दिवस रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें दहेज प्रथा उन्मूलन, नशा मुक्ति, मतदाता जागरूकता, छत्तीसगढ़ी संस्कृति संरक्षण, भारतीय संस्कृति तथा देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी संस्कृति अपनाने एवं सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने का संदेश दिया गया।
शिविर के अंतिम दिवस समापन समारोह में मुख्य अतिथि रत्ना हिरवानी, जनपद सदस्य जनपद पंचायत डौंडी ने उपस्थित होकर स्वयंसेवकों के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की तथा सफल आयोजन हेतु बधाई दी। उन्होंने विशेष रूप से स्वच्छता अभियान एवं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यों की प्रशंसा करते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्य शक्ति बताया।
समापन अवसर पर प्रतिभावान पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों को पुरस्कार वितरण किया गया तथा पारंपरिक कैंप फायर के साथ शिविर का उत्साहपूर्ण समापन हुआ।
इस सात दिवसीय शिविर के सफल संचालन में मुख्य सलाहकार देवेंद्र कुमार साहू एवं गजेंद्र ढीमर, विशेष सलाहकार विश्वजीत बघेल, डिलेश्वर देशमुख एवं लक्ष कुमार साहू, शिविर नायक राम अवतार साहू, उप शिविर नायक कंचन साहू, अनुशासन प्रभारी राहुल साहू, सह अनुशासन प्रभारी बिनिता मण्डावी एवं नम्रता निर्मलकर, परियोजना प्रभारी निधि चन्द्राकार, सह परियोजना प्रभारी रोशन साहू, सांस्कृतिक प्रभारी राजेश बक्शी, सह सांस्कृतिक प्रभारी देव, क्रीड़ा प्रभारी जागृति बारले, सह क्रीड़ा प्रभारी वंदना साहू, मेस प्रभारी दीपचंद यादव, सह मेस प्रभारी पूजा मानिकपुरी, संपादक प्रभारी छत्रेस साहू, सह संपादक प्रभारी युगीता एवं भावना तथा मीडिया प्रभारी पुष्पेन्द्र एवं मोहित का सराहनीय योगदान रहा।
यह सात दिवसीय विशेष शिविर शासकीय महाविद्यालय बालोद के प्राचार्य डॉ. जे. के. खलखो के निर्देशन तथा राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी प्रो. जी. एन. खरे के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर ने ग्राम पटेली में जागरूकता, स्वच्छता और सामाजिक चेतना की नई अलख जगाई।
नीतू साहू,रोशन लाल,भावना देवांगन,यमन हिरवानी,विद्या साहू,ज्योति शर्मा,चैतन्य साहू,रागिनी ठाकुर,युगीता रावटे , पायल चिराम, जानेशवरी,दानवी साहू

