लीलाधर साहू
गुण्डरदेही।
गुण्डरदेही से दुर्ग बालोद की ओर चलने वाली यात्री बस संचालकों की मनमानी लगातार बढ़ती जा रही है। इस रूट पर चलने वाले अधिकांश बसे यातायात की नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए सड़क पर सरपट गाड़ी दौड़ा रहे हैं। बस चालक सवारी बैठाने के लिए बीच सड़क पर गाड़ी रोक देते हैं वहीं बसों में जगह नहीं होने के बावजूद क्षमता से अधिक यात्री बैठाते हैं। जिसकी जांच करने यातायात विभाग कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
आपको बता दें कि अधिकांश बसे जब दुर्ग से गुण्डरदेही पहुंचते हैं तो कचांदुर पहुंचते ही रफ्तार बढ़ा देते हैं, इसी प्रकार बालोद की ओर से गुण्डरदेही पहुंचने वाले बस के चालक गुण्डरदेही पहुंचने से पहले ही उनकी गति लिमोरा खुटेरी में पहुंचते ही बढ़ाते हैं। जिसके चलते यात्रियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है साथ ही लगातार दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।
इधर कई बार देखने को मिला है कि यात्रियों को जिस स्थान पर उतरना होता है उस स्थान को छोड़कर बस चालक सीधा बस स्टॉप ले जाते हैं, जबकि बस स्टैंड में कम समय और धमतरी चौक में अत्यधिक समय तक बस खड़े करने से आवागमन में परेशानी हो रहा है।
बीच सड़क में यात्री बैठने पर यातायात प्रभावित हो रहा है। पुलिस और यातायात विभाग द्वारा बस संचालकों पर कार्रवाई नहीं करने से उनकी हौसला बुलंद है। गुरुवार को 5 बजे बालोद की ओर से आ रही रायपुर बस सर्विस के संचालक तेज गति से आया और धमतरी चौक के बीचों-बीच बस रोक देने के कारण जनपद रोड से आ रहे हैं आम राहगीरों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
बस संचालकों की तेज रफ्तार कम करने एवं प्रेशर हॉर्न पर कार्रवाई करने की आवश्यकता है। आम राहगीर राजू, कन्हैयालाल, गोकुल, सेवाराम, प्रमिलाबाई, बिसाखाबाई इन्होंने बताया कि गुण्डरदेही पहुंचने से पहले बस ड्राइवर तेज रफ्तार चलाते हैं और धमतरी चौक में बस खड़े कर देने से आवागमन प्रभावित होता है।
इधर यातायात विभाग छोटे-छोटे वाहनों को हेलमेट कागजात के नाम से चेक करते हैं। और ऐसे भारी वाहन सड़क पर बेलगाम दौड़ रहे हैं। जिस पर पुलिस हाथ धरे बैठे हैं।

