गुण्डरदेही।
कलेक्टर दिव्या मिश्रा की अध्यक्षता में आज संयुुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, कलेक्टर जनदर्शन सहित समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर मिश्रा ने सभी विभागों से लंबित मामलों की जानकारी लेते हुए उनके त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री के जिले में प्रवास के दौरान की गई घोषणाओं के प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर शासन को भेजे जाएं।
उन्होंनेअधिकारियों को इस कार्य को गंभीरता से लेने के निर्देश देते हुए कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यापालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, अजय किशोर लकरा एवं नूतन कंवर सहित संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष एवं डिप्टी कलेक्टर आशीष पेंद्रो के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा कि ग्रीष्म ऋतु के आगमन को देखते हुए जिले में पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिक प्रभावित गांवों की सूची तैयार कर आवश्यकतानुसार बोर खनन कराने के निर्देश दिए, ताकि गर्मी के दौरान लोगों को पेयजल के लिए परेशानी न हो।
कलेक्टर ने ई-ऑफिस प्रणाली और आधार बेस्ड उपस्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा सरकारी कामकाज को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए ई-ऑफिस प्रणाली लागू की गई है, इसलिए सभी विभागीय अधिकारी सुनिश्चित करें कि सरकारी कार्य इसी प्रणाली के माध्यम से किए जाएं। साथ ही अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की समय पर कार्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि शासन की मंशानुसार जिलेवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सभी विकासखंडों में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कलेक्टर ने खाद्य विभाग के अधिकारियों से घरेलू गैस की उपलब्धता और आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं के लिए निर्धारित बुकिंग समय-सीमा, गैस कनेक्शन की सुरक्षा जांच तथा घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर रोक लगाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
साथ ही गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए टीम गठित कर गैस गोदामों का निरीक्षण करने और आपूर्ति पर सतत निगरानी रखने को कहा। उन्होंने व्यावसायिक होटलों और अन्य संस्थानों में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग की जांच करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा हाल ही में प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में मादक पदार्थों की खेती की सूचना मिलने के मद्देनजर कलेक्टर ने कृषि, उद्यान, राजस्व और वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि संभावित क्षेत्रों का गंभीरता से निरीक्षण कर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने समय-सीमा के लंबित विभिन्न प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों से प्रकरणों के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की जानकारी लेते हुए सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

