लीलाधर साहू
गुण्डरदेही।
*बालोद :-* छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को सहेजने के उद्देश्य से बालोद जिले के ग्राम सकरौद और ग्राम सिकोसा में दो दिवसीय भव्य फाग एवं जस झांकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस गौरवशाली आयोजन में मुख्य रूप से बालोद जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर शामिल हुईं, जहाँ उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयोजन के दौरान दोनों ही ग्रामों में भक्तिमय माहौल बना रहा। फाग गीतों की मस्ती और जस झांकी के माध्यम से कलाकारों ने देवी-देवताओं के जीवंत स्वरूप का प्रदर्शन किया। ढोल-मंजीरों की थाप पर फागुन की मस्ती और माता की सेवा में गाए गए जस गीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने कहा कि हमारी लोक कला, फाग गीत और जस झांकियां मनोरंजन के साधन के साथ साथ हमारी छत्तीसगढ़ी अस्मिता और आस्था का प्रतीक हैं। ग्रामीण अंचलों में ऐसे आयोजनों से आपसी भाईचारा बढ़ता है और हमारी आने वाली पीढ़ी भी अपनी जड़ों से जुड़ी रहती है। उन्होंने आयोजन समिति की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज के आधुनिक युग में भी ग्रामीण क्षेत्रों ने अपनी परंपराओं को जीवित रखा है, जो पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। दो दिनों तक चली इस स्पर्धा में जिले भर से आए नामी फाग और जस दलों ने हिस्सा लिया। कलाकारों ने सामाजिक संदेशों और पौराणिक कथाओं को अपनी झांकियों के माध्यम से बखूबी उकेरा। अतिथियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों का उत्साहवर्धन किया।
ग्राम सकरौद के कार्यक्रम में दो दिवसीय फाग एवं जस झांकी प्रतियोगिता कार्यक्रम में कांति सोनेश्वरी सभापति जिला पंचायत बालोद, सोनादेवी देशलहरे पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत बालोद, पुष्पेन्द्र चंद्राकर पूर्व सदस्य जिला पंचायत बालोद, जसवंत कोसरे सरपंच, नरेश निर्मलकर अध्यक्ष आयोजक समिति, तामेश्वर देशमुख पूर्व सरपंच,डॉ राकेश साहू, मानसिंह देशलहरे, गिरधर गोपाल कृष्ण आदि शामिल हुए।
इसी प्रकार ग्राम सिकोसा के कार्यक्रम में कांति सोनेश्वरी सभापति जिला पंचायत बालोद, उमा चौरे पंच, दीपमाला गोयल पंच, खिलेश्वरी मारकण्डे पंच, चंद्रिका चंद्राकर पंच, डामन चौरे महामंत्री युवा मोर्चा सिकोसा मण्डल, सुखीत लहरे पंच, राजू पटेल अध्यक्ष आयोजक समिति, उद्घोषक लेखराम कुम्भकार अधिवक्ता, सौभाग्य युवा मंच समस्त पदाधिकारीगण एवं समस्त ग्रामवासी,ग्राम पंचायत के, पंचगण, स्थानीय वरिष्ठ नागरिक और भारी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

