गुण्डरदेही।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशनुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. जे. एल. उइके के मार्गदर्शन में आज सर्विकल कैंसर के विरूद्ध राष्ट्रीय एचपीव्ही टीकाकरण अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिला चिकित्सालय स्थित मातृ एवं शिशु अस्पताल में 14 वर्षीय बालिका रिया देवदास एवं गार्गी देशमुख को एचपीव्ही वैक्सीन से टीकाकृत कर जिले में सर्विकल कैंसर के विरूद्ध राष्ट्रीय एचपीव्ही टीकाकरण अभियान की शुरूआत की गई।
इस अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी डाॅ. जितेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि सर्विकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीव्ही टीका वर्तमान में जिला चिकित्सालय में प्रत्येक कार्य दिवस में लगाया जायेगा। इसके लिए वही किशोरियां पात्र होंगी जिन्होंने अपना 14वां जन्म दिवस मना लिया हो परन्तु 15वां जन्मदिन न मनाया हो। उन्होंने बताया कि किशोरियों के आयु के प्रमाण पत्र हेतु आधार कार्ड, फोटो आई.डी. कार्ड मान्य किया जायेगा।
पहचान पत्र न होने पर माता-पिता द्वारा हस्ताक्षरित शपथ पत्र भी मान्य किया जाएगा इसके लिए फिजिकल कान्सेंट फार्म एवं एज डिक्लरेशन फार्म पूर्ण रूप से भरकर यूविन पोर्टल पर अपलोड किया जायेगा। टीकाकरण पश्चात् लाभार्थी को यूविन पोर्टल द्वारा जारी डिजिटल प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जायेगा। इस अवसर पर सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डा. आर.के. श्रीमाली, आरसीएच नोडल अधिकारी डाॅ. सानू नायक, खण्ड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी आर.के सोनबाई सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे।

