PATRIKA24x7

बालोद की महिला खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का मान, कलेक्टर मिश्रा ने दी बधाई एवं शुभकानाएं।

लीलाधर साहू

गुण्डरदेही।

चंडीगढ़ में 05 से 10 मार्च तक आयोजित ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में बालोद जिले की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कोच अनीता शिंदे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किया। उनके मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त खिलाड़ियों ने भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार सफलता प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। खेलो इंडिया महिला लीग में कुमारी निकिता ने स्वर्ण पदक तथा कुमारी हेमा ने कांस्य पदक प्राप्त किया।

वहीं अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता में मोनिका धु्रव ने स्वर्ण पदक के साथ-साथ बेस्ट महिला खिलाड़ी का खिताब भी अपने नाम किया। इन उपलब्धियों के बाद सभी महिला खिलाड़ी आज कलेक्ट्रेट पहुँचकर कलेक्टर दिव्या मिश्रा से मुलाकात की और अपनी उपलब्धियों एवं अनुभवों को साझा किया। इस अवसर पर कलेक्टर मिश्रा ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने कहा कि जिले की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस दौरान खिलाड़ियों ने बताया कि आगामी राष्ट्रीय ट्राइबल वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता, जो 26 से 29 मार्च तक राजधानी रायपुर में आयोजित होने जा रही है, उसमें दल्ली राजहरा के पांच खिलाड़ियों निकिता, मोनिका, किरण पोटाई, आशा गोंड और सौरभ का चयन हुआ है। कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने सभी चयनित खिलाड़ियों को इस प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से एक बार फिर जिले का नाम गौरवान्वित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!