लीलाधर साहू
गुण्डरदेही।
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित बीरनपुर कांड पर आधारित फिल्म ‘बीरनपुर फाइल्स’ का इंतजार अब खत्म होने वाला है। सत्य घटनाओं को पर्दे पर जीवंत करती यह फिल्म आगामी 3 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इस फिल्म की खास बात यह है कि इसमें बालोद जिले की प्रतिभा मुख्य भूमिका में नजर आएगी। जिले के कलाकार पवन गांधी, छत्तीसगढ़ के चर्चित विधायक ईश्वर साहू के सशक्त किरदार को पर्दे पर जीवंत कर रहे हैं।
विधायक ईश्वर साहू ने देखी स्क्रीनिंग, भावुक होकर दी बधाई
अभिनेता पवन गांधी ने बताया कि फिल्म के पोस्टर का विमोचन स्वयं विधायक ईश्वर साहू के हाथों हुआ। हाल ही में उनके लिए फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग भी रखी गई थी। फिल्म देखने के बाद विधायक ईश्वर साहू अपने संघर्षों और परिवार के साथ हुई बरबरता को पर्दे पर देख भावुक हो उठे और उनकी आंखों से आंसू छलक आए। उन्होंने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह फिल्म जनता को वास्तविक सत्यता से अवगत कराएगी।
16 वर्ष से अधिक आयु के लोग ही देख सकेंगे फिल्म
फिल्म की संवेदनशीलता और इसमें दिखाए गए घटनाक्रमों को देखते हुए इसे केवल 16 वर्ष से अधिक उम्र के दर्शकों के लिए ही मान्य किया गया है। अभिनेता पवन गांधी ने मीडिया से चर्चा में कहा कि फिल्म में बीरनपुर कांड के कई ऐसे अनछुए और छिपे हुए पहलुओं को सामने लाया गया है, जिनसे जनता अब तक अनजान थी। इसमें दिखाया गया है कि कैसे एक मजदूर, भीषण हिंसा और व्यक्तिगत त्रासदी के बीच संघर्ष करते हुए आज विधायक के पद तक पहुँचा।
प्रमुख स्टारकास्ट और निर्माण टीम
निर्माता: हेमलाल चतुर्वेदी और रमेश कुमार नाग।
मुख्य भूमिका: पवन गांधी और शालिनी विश्वकर्मा।
रिलीज़ : 3 अप्रैल 2026
लंबे इंतजार के बाद बड़े पर्दे पर दिखेगी सच्चाई
सेंसर बोर्ड की प्रक्रियाओं और अन्य तकनीकी कारणों से फिल्म की रिलीज में थोड़ा विलंब जरूर हुआ, लेकिन टीम का मानना है कि दर्शकों को इस लंबे इंतजार का बेहतर प्रतिसाद मिलेगा। फिल्म की टीम ने हर एक पहलू की गंभीरता से जांच और शोध करने के बाद ही इसका फिल्मांकन किया है। यह फिल्म न केवल एक घटना का दस्तावेज है, बल्कि ईश्वर साहू और उनके परिवार के साथ हुई त्रासदी और उनके साहस की एक मिसाल भी है।

