परस साहू
गुण्डरदेही।
बालोद जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बेलोदी गांव के पास हुए इस हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौके पर ही जान चली गई।
जानकारी के अनुसार बटरेल गांव निवासी मिथलेश साहू अपनी बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर चल रहे ट्रक के पहिए के नीचे आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक का पहिया सीधे उसके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गुंडरदेही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बाइक का अनियंत्रित होना ही हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
इस दुखद घटना के बाद बटरेल गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से बेलोदी मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

