Skip to main content

PATRIKA24x7

कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी हुए शामिल।

परस साहू बालोद 

सुशासन तिहार 2026: सौगातों से भरा रहा ग्राम पिनकापार में आयोजित जिले का पहला जनसमस्या निवारण शिविर।

पिनकापार कलस्टर में शामिल 20 ग्राम पंचायतों से प्राप्त आवेदनों का किया गया निराकरण।

सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत बालोद जिले के डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम पिनकापार में आयोजित जिले का पहला जनसमस्या निवारण शिविर ग्राम पिनकापार सहित कलस्टर में शामिल 20 ग्राम पंचायत के लोगों के लिए सौगातों भरा रहा। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप जिले में जन शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने तथा आम जनता को सुगम, पारदर्शी एवं त्वरित सेवाओं का उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत आज जिले के डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला पिनकापार में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर संबंधित विभागों के द्वारा उनके विभिन्न मांगों एवं समस्याओं का मौके पर आवेदनों का निराकरण किया गया। ग्राम पिनकापार में आज आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक एवं सभी जिला स्तरीय अधिकारी एक साथ बस में सवार होकर जनसमस्या निवारण शिविर में पहुँचे। इस अवसर पर जनपद पंचायत डौण्डीलोहारा के अध्यक्ष कांति सोनबरसा, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के सदस्यगण, डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर सहित वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने भीषण गर्मी और तपती धूप के बावजूद शुरू से अंत तक शिविर में अपना उत्साह बनाए रखने के लिए लोगों का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर पिनकापार में किन्ही कारणों से कोई आवेदक अगर आवेदन नहीं कर पाए हैं, उनके लिए शिविर में ही ’समाधान पेटी’ की व्यवस्था की गई है, जहां वे अपना आवेदन दे सकते हैं। कलेक्टर ने सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर की जानकारी देते हुए कहा कि बालोद जिले में कुल 32 जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जिसकी शुरूआत आज ग्राम पिनकापार से की जा रही है। उन्होंने शिविर में विभागवार प्राप्त आवेदनों की जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में खाद्य विभाग में राशन कार्ड से संबंधित अधिक आवेदन प्राप्त हुए है। उन्होंने शिविर में उपस्थित हितग्राहियों को अनिवार्य रूप से अपना ईकेवायसी कराने को कहा। शिविर में पंचायत विभाग से प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मनरेगा से संबंधित कुल 175 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि आज आयोजित इस जनसमस्या निवारण शिविर के साथ-साथ राजस्व पखवाड़ा शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है। जिसमें हितग्राही अपने राजस्व संबंधी आवेदन प्रस्तुत कर सकते है। उन्होंने शिविर में उपस्थित किसानों को जानकारी देते हुए बताया कि किसान इस शिविर में डिजिटल ऋण पुस्तिका के लिए भी आवेदन कर सकते है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि जिले में खाद और बीज का पर्याप्त भंडारण है। उन्होंने किसानों को अपने खेतों का मृदा परीक्षण कराने को कहा, जिससे मिट्टी की उर्वरता के अनुसार खाद डाली जा सके। कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि पिनकापार में आयोजित इस जनसमस्या निवारण शिविर में प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभाग के द्वारा 01 माह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाएगा।

इस अवसर पर कलेक्टर मिश्रा ने शिविर में उपस्थित लोगों को बाल विवाह के गंभीर दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बाल विवाह के रोकथाम एवं नीर चेतना अभियान अंतर्गत जल के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की भी शपथ दिलाई। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती मिश्रा एवं अतिथियों ने गर्भवती महिलाओं को सुपोषण किट भेंट कर उनका गोदभराई रस्म को पूरा करने के अलावा नन्हें-मुन्हें बच्चों को स्वादिष्ट खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन कराया गया। इसके साथ ही मिश्रा ने बालिकाओं को स्वच्छता किट का भी वितरण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत डौण्डीलोहारा के अध्यक्ष कंाति सोनबरसा ने सुशासन तिहार 2026 के आयोजन के महत्व एवं उद्देश्यों के साथ-साथ राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

शिविर में अतिथियों के द्वारा मूक बधिर संघ बालोद को 01 लाख रूपये की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया गया। मछली पालन विभाग द्वारा जय मां शीतला मछुआ सहकारी समिति गिधवा को मछली जाल प्रदान किया गया। राजस्व विभाग द्वारा स्वामित्व योजना अंतर्गत 11 हितग्राहियों को अधिकार पत्र का वितरण किया गया। इसी तरह कृषि विभाग द्वारा 07 कृषकों को बैटरी चलित स्प्रेयर एवं 06 हितग्राहियों को मृदा हेल्थ कार्ड का वितरण किया गया। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के द्वारा 08 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान करने के अलावा टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 02 टीबी के मरीजों को बेहतर पोषण प्रदान करने हेतु उन्हें निक्षय पोषण किट भी प्रदान किया गया।

सहकारिता विभाग अंतर्गत 05 हितग्राहियों को केसीसी कार्ड, श्रम विभाग के द्वारा श्रमिकों को श्रम कार्ड के अलावा राजस्व विभाग के द्वारा शिविर में आवेदकों का आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनाकर अतिथियों के कर कमलों से उन्हें सौंपा गया। इसी तरह समाज कल्याण विभाग के द्वारा श्रवणबाधितों को श्रवण यंत्र एवं बुजुर्गों को छड़ी भी प्रदान किया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के हितग्राहियों के आवास निर्माण कार्य पूर्ण होने पर उन्हें आवास पूर्णता प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया। इसके साथ ही प्रभारी मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रवास के दौरान प्राप्त स्वेच्छा अनुदान के आवेदनों में 02 हितग्राहियों एवं 03 स्व सहायता समूहों को 05-05 हजार रूपये का स्वेच्छा अनुदान राशि का चेक प्रदान भी किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य और आयुष विभाग के स्टाॅल में आगन्तुकों एवं ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गई।

आज आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर पिनकापार में नीर चेतना अभियान अंतर्गत जल के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु लोगों में जागरूकता लाने कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ। जिसमें विगत 15 वर्षों से जल एवं पर्यावरण संरक्षण पर कार्य कर रहे श्री नीरज वानखड़े ने शिविर में आए लोगों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जल एंव पर्यावरण संरक्षण की बारीकियों से अवगत कराया। उनका उद्देश्य लोगों को जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनाना था। शिविर में उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने उनकी इस पहल की सराहना की और जल एवं पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!