Skip to main content

PATRIKA24x7

सौगातों भरा रहा ग्राम गुरेदा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर।

परस साहू बालोद 

संभागायुक्त, आईजी, कलेक्टर, एसपी सहित जनप्रतिनिधियों एवं आला अधिकारियों ने हितग्राहियों को शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं से किया लाभान्वित

शिविर में 1210 आवेदनों का किया गया निराकरण।

सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम गुरेदा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्राम पंचायत गुरेदा सहित गुरेदा कलस्टर में शामिल आसपास के 17 ग्राम पंचायतों के हितग्राहियों एवं ग्रामीणों के लिए सौगातों भरा रहा। इस दौरान दुर्ग संभाग के आयुक्त सत्यनारायण राठौर, पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक के अलावा जनपद अध्यक्ष पुरूषोत्तम चंद्राकर, जनपद उपाध्यक्ष नीतिश मोंटी यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत आयुष्मान कार्ड, किसानों को डिजिटल किसान कार्ड, स्वामित्व योजना अंतर्गत अधिकार अभिलेख के वितरण के अलावा दिव्यांग हितग्राहियों को बैटरी चलित ट्राय सायकल तथा छड़ी एवं श्रवण यंत्र भी प्रदान किया गया।

इसके अलावा किसानों को उन्नत कृषि बीज तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत आवास पूर्णता प्रमाण पत्र के वितरण के अलावा अतिथियों के द्वारा छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित हाई स्कूल एवं हायर सेकण्डरी परीक्षा में उत्कृष्ट अंक अर्जित कर प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों का भी सम्मान किया गया। इसके अलावा शिविर में अतिथियों के द्वारा मछली पालक कृषक को मछली जाल एवं आईस बाक्स, स्कूली बच्चों को जाति प्रमाण पत्र प्रदान करने के अलावा ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। इस मौके पर संभाग आयुक्त, आईजी, कलेक्टर, एसपी सहित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने नन्हें-मुन्हें बच्चों को स्वादिष्ट खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इसके अलावा गर्भवती माताओं को सुपोषण किट भेंटकर उनके गोदभराई के रस्म को पूरा किया गया।

इस दौरान संभाग आयुक्त, आईजी, कलेक्टर, एसपी सहित जनप्रतिनिधियों ने शिविर में स्थल में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टाॅलों का निरीक्षण कर मौके पर उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को उनके विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली। संभाग आयुक्त राठौर एवं आईजी अभिषेक शांडिल्य के सुशासन तिहार में शामिल होने के लिए ग्राम गुरेदा पहुँचने पर ग्रामीणों एवं अधिकारी-कर्मचारियों ने आत्मीय अभिनंदन एवं स्वागत किया।

इस अवसर पर संभाग आयुक्त राठौर ने बालोद जिले में जल संरक्षण हेतु चलाए जा रहे नीर चेतना अभियान की सराहना की। इस मौके पर उन्होंने पानी को एक अनमोल संपदा बताते हुए कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को पानी के एक-एक बूंद का सदुपयोग करते हुए इसका संरक्षण एवं संवर्धन करने तथा जल संरक्षण के कार्य में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई। राठौर ने बाल विवाह को सामाजिक बुराई के साथ-साथ सामाजिक अपराध बताते हुए शिविर में उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह के रोकथाम के पुनीत कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की भी शपथ दिलाई। गुरेदा शिविर में आज विभिन्न विभागों से कुल 1386 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसमें से 1210 आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित किया गया।

इस अवसर पर शिविर को संबोधित करते हुए जनपद अध्यक्ष पुरूषोत्तम चंद्राकर ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को सुशासन तिहार 2026 के आयोजन के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार के द्वारा समाज के सभी वर्गों के कल्याण हेतु अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। सुशासन तिहार के दौरान शासन-प्रशासन के प्रतिनिधि आम जनता के बीच पहुँचकर उनके वास्तवित समस्याओं के पड़ताल करने के अलावा उनके मांगों एवं समस्याओं का त्वरित निराकरण करने का प्रयास किया जा रहा है।

चंद्राकर ने ग्रामीणों को जनसमस्या निवारण शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की भी अपील की। शिविर को संबोधित करते हुए जनपद उपाध्यक्ष नीतिश मोंटी यादव ने भी संबोधित करते हुए ग्राम गुरेदा में जनसमस्या निवारण शिविर की भूरी-भूरी सराहना की। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आम जनता से प्राप्त आवेदनों का पूरी संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। शिविर को जनपद सदस्य हेमपुष्पा साहू एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित करते हुए सुशासन तिहार के उद्देश्यों के संबंध में प्रकाश डाला।

उल्लेखनीय है कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुरेदा में आज आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्राम गुरेदा, भरदाखुर्द, डंगनिया, नाहंदा, ओटेबंद, डौकीडीह, खप्परवाड़ा, सिरसिदा, परसदा डंग, देवरी (क), अर्जुनी, गोरकापार, पांगरी, सुखरी, तमोरा, कचांदुर और खर्रा सहित 17 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण जन शामिल हुए थे। शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को 833 आवेदन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग को 104, खाद्य विभाग को 99, ऊर्जा विभाग को 70, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को 53, समाज कल्याण विभाग को 44, जल संसाधन विभाग को 25 सहित विभिन्न विभागों से कुल 1386 आवेदन प्राप्त हुए थे। जिसमें से कुल 1210 आवेदनों का निराकरण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!