परस साहु बालोद
*गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिकोसा से खुटेरी के बीच तांदुला नदी में रेत माफिया बेखौफ होकर अवैध उत्खनन कर रहे हैं। दिन-रात ट्रैक्टरों से नदी का सीना चीरा जा रहा है। विरोध करने पर माफियाओं के गुर्गे ग्रामीणों से गाली-गलौज और विवाद पर उतर आते हैं। हालात इतने तनावपूर्ण हैं कि क्षेत्र में बड़ी गैंगवार या दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
*खनिज अधिकारी पर संरक्षण का आरोप*
ग्रामीणों और स्थानीय सूत्रों का आरोप है कि इस अवैध कारोबार को जिला खनिज अधिकारी का मूक संरक्षण प्राप्त है। रसूखदार माफियाओं को शह देकर करोड़ों की रेत का अवैध उत्खनन कराया जा रहा है। इससे शासन को राजस्व की भारी चपत लग रही है। अवैध परिवहन से गांव की सड़कें भी जर्जर हो चुकी हैं।
*प्रशासन की चुप्पी पर सवाल*
ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद जिला प्रशासन और पुलिस विभाग आंखें मूंदे बैठा है। खुलेआम हो रही लूट पर कार्रवाई न होने से आक्रोश बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने बालोद कलेक्टर और पुलिस प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है।
*ग्रामीणों की मांग*
ग्रामीणों ने मांग की है कि तांदुला नदी को बचाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध रेत चोरी पर तुरंत रोक लगाई जाए।

