लीलाधर साहू
गुण्डरदेही।
5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला प्रशासन पौधरोपण की अपील कर रहा है, मगर धरातल पर तस्वीर उलट है। राजस्व और वन विभाग की कथित लापरवाही व मिलीभगत से क्षेत्र में प्रतिबंधित वृक्षों की अवैध कटाई बेरोकटोक जारी है।
मंगलवार को ग्राम फुंडा नहर किनारे अवैध कटाई की सूचना पर राजस्व विभाग ने छापा मारा। तहसीलदार के निर्देश पर पटवारी गुण्डरदेही-धमतरी मार्ग स्थित फुंडा पहुंचे। टीम को देखते ही लकड़ी माफिया ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत फरार हो गए।
मौके से 4 अर्जुन, 1 कसही व 1 बबूल के कटे वृक्ष जब्त कर पंचनामा बनाया गया। जांच में पता चला कि ग्राम अचौद निवासी सोनिया साहू पति भरत साहू के खेत में प्रतिबंधित पेड़ काटे जा रहे थे।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गुण्डरदेही-धमतरी मुख्य मार्ग से सिर्फ चार खेत अंदर दिनदहाड़े पेड़ काटे जा रहे थे। माफियाओं को कार्रवाई का डर नहीं है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की मिलीभगत के बिना मुख्य सड़क के पास यह संभव नहीं। हर साल पर्यावरण दिवस पर पौधे लगाने की औपचारिकता होती है, पर पुराने पेड़ बचाने पर ध्यान नहीं दे रहा है।

