Skip to main content

PATRIKA24x7

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी ने लाटाबोड़ में किया बायोगैस संयंत्र का निरीक्षण।

परस साहू बालोद 

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी ने बालोद विकासखण्ड के ग्राम लाटाबोड़ में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण अंतर्गत स्थापित बायोगैस संयंत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बायोगैस संयंत्र की वर्तमान संचालन स्थिति, गैस उत्पादन क्षमता, जैविक अपशिष्ट की उपलब्धता तथा रखरखाव व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान सीईओ चंद्रवंशी ने बायोगैस संयंत्र का संचालन अपेक्षित स्तर पर नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं संचालन से जुड़े कर्मियों को संयंत्र को शीघ्र पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बायोगैस संयंत्र का नियमित संचालन सुनिश्चित कर उपलब्ध गोबर एवं जैविक कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन किया जाए, जिससे स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिल सके। सीईओ चंद्रवंशी ने संयंत्र में नियमित रूप से गोबर एवं अन्य जैविक अपशिष्ट की आपूर्ति सुनिश्चित करने, तकनीकी कमियों को तत्काल दूर करने, इनलेट-आउटलेट की सफाई बनाए रखने तथा संचालन एवं रखरखाव की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बायोगैस संयंत्र ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं ग्रामीणों को बायोगैस संयंत्र के लाभों के संबंध में जानकारी दी गई।

इस दौरान बताया गया कि संयंत्र के सुचारू संचालन से स्वच्छ ईंधन के साथ-साथ उच्च गुणवत्ता की जैविक खाद का उत्पादन भी संभव है, जिससे किसानों को लाभ प्राप्त होगा तथा रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम होगी। चंद्रवंशी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक सुधारात्मक कार्य पूर्ण कर बायोगैस संयंत्र को नियमित रूप से संचालित करने तथा इसकी प्रगति की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत निर्मित परिसंपत्तियों की नियमित निगरानी कर उनके प्रभावी संचालन को सुनिश्चित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!