Skip to main content

PATRIKA24x7

सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा के लिए जिले से 16 श्रद्धालु हुए रवाना, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू ने दी शुभकामनाएं।

परस साहू बालोद

छत्तीसगढ़ सरकार की तीर्थ दर्शन पहल से श्रद्धालुओं का सपना हो रहा साकार।

छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों और श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के उद्देश्य से संचालित तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत आज बालोद जिले के 16 यात्रियों को सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा के लिए रवाना किया गया। संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में आज सुबह जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू ने सभी विशिष्ट नागरिकों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आम नागरिकों, विशेषकर वरिष्ठजनों की आस्था और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्हें देश के महत्वपूर्ण तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध करा रही है। यह योजना केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि लोगों की वर्षों पुरानी धार्मिक आकांक्षाओं को पूरा करने का माध्यम बन रही है। जिले के 16 यात्रियों में पद्मश्री, राष्ट्रपति पुरस्कृत, कलाकार, लोकतंत्र सेनानी परिवार, साहित्यकार, गायक, उद्घोषक, संगीतकार एवं अन्य विशिष्टजन शामिल है।

इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर आशीष पेंद्रों, नोडल अधिकारी एके जांगड़े, सहायक नोडल अधिकारी जितेन्द्र सोनी आदि उपस्थित थे। इस दौरान सोमनाथ धाम के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। पद्मश्री डोमार सिंह कुंवर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आर्थिक और अन्य कारणों से कई लोगों के लिए देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों तक पहुंचना संभव नहीं हो पाता, लेकिन इस योजना के माध्यम से उन्हें सोमनाथ जैसे ऐतिहासिक और पवित्र ज्योतिर्लिंग के दर्शन का अवसर मिल रहा है। श्रद्धालुओं ने कहा कि यह यात्रा उनके जीवन के सबसे यादगार अनुभवों में से एक होगी। यात्रा के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि यात्रा में वे अपने साथ तांदुला नदी का पवित्र जल और मिट्टी भी अपने साथ लेकर जा रहे हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष साहू ने विशिष्ट जनों को रायपुर रेलवे स्टेशन हेतु बस से रवाना किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!