Skip to main content

PATRIKA24x7

सीएम हेल्पलाइन 1076 बनी मददगार: 04 महीने से रुका मजदूरी भुगतान, मात्र 24 घंटे में हुआ जारी।

परस साहू बालोद 

छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी सीएम हेल्पलाइन 1076 आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए एक बड़ा सहारा साबित हो रही है। बालोद जिले के गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम बेलौदी में स्वास्थ्य केंद्र में मजदूरी दर पर कार्यरत भृत्य की 04 महीने से लंबित मजदूरी का भुगतान शिकायत दर्ज होने के मात्र 24 घंटे के भीतर कर दिया गया।

ग्राम बेलौदी के स्वास्थ्य केंद्र में मजदूरी दर पर कार्यरत भृत्य छत्रपाल साहू को पिछले चार महीनों से मानदेय (मजदूरी) का भुगतान नहीं मिल पा रहा था। आर्थिक समस्या से जूझ रहे छत्रपाल ने इस समस्या के समाधान के लिए स्थानीय पंचायत में भी आवेदन किया था। काफी प्रयासों के बाद भी जब समस्या का कोई ठोस निराकरण नहीं हुआ, तो वे बेहद परेशान हो गए। इस निराशा के बीच, छत्रपाल साहू को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से छत्तीसगढ़ सरकार की सीएम हेल्पलाइन 1076 के बारे में पता चला। उन्होंने बिना समय गंवाए हेल्पलाइन नंबर 1076 पर कॉल किया और अपनी पूरी समस्या दर्ज कराई। हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज होते ही संबंधित विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर छत्रपाल साहू के बैंक खाते में उनके पूरे 04 महीने की रुकी हुई मजदूरी राशि ट्रांसफर कर दी गई।

छत्रपाल साहू ने बताया कि वे अपनी मजदूरी भुगतान के लिए महीनों से परेशान था, लेकिन सीएम हेल्पलाइन में कॉल करने के मात्र 24 घंटे के भीतर उनकी समस्या का समाधान हो गया। त्वरित न्याय और आर्थिक राहत मिलने पर छत्रपाल साहू ने बेहद खुश होकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की इस हेल्पलाइन व्यवस्था से आम लोगों की समस्याओं का घर बैठे और तुरंत समाधान हो रहा है। इसके साथ ही उन्होंने अन्य नागरिकों से भी अपील की है कि यदि वे किसी समस्या से जूझ रहे हैं, तो वे बेझिझक सीएम हेल्पलाइन 1076 का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!