Skip to main content

PATRIKA24x7

*हीरापुर रिंग रोड पर यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सर्विस रोड पर खड़े 20 ट्रक-ट्रेलरों पर चालान।*

परस साहू बालोद

👉*अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान, भारी वाहनों को सड़क पर खड़ा करने वालों को अंतिम चेतावनी।*

👉*सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता, सर्विस रोड पर अवैध पार्किंग हटाने यातायात पुलिस की सख्त कार्यवाही।*

👉*यातायात पुलिस की अपील—मुख्य मार्ग एवं सर्विस रोड पर वाहन खड़े न करें, दुर्घटनाओं से बचें और नियमों का पालन करें।*

ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा के निर्देशन पर रायपुर की यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात को बाधा रहित बनाए रखने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है । इसी क्रम में दिनांक 22.07.2026 को यातायात थाना टाटीबंद क्षेत्र अंतर्गत हीरापुर रिंग रोड एवं सर्विस रोड पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सर्विस रोड पर अवैध रूप से खड़े पाए गए 20 ट्रक एवं ट्रेलर वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत चालानी कार्यवाही की गई।

गौरतलब है कि भारी वाहनों को मुख्य मार्ग एवं सर्विस रोड पर लंबे समय तक खड़ा करने से अन्य वाहन चालकों की दृश्यता प्रभावित होती है, यातायात बाधित होता है तथा सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। इसे गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस द्वारा यह अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।

कार्यवाही के दौरान संबंधित ट्रक चालकों एवं वाहन मालिकों को सड़क पर अवैध पार्किंग नहीं करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करने की समझाइश दी गई। साथ ही उन्हें स्पष्ट रूप से अंतिम चेतावनी दी गई कि भविष्य में पुनः इस प्रकार का उल्लंघन पाए जाने पर उनके विरुद्ध अधिक कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

यातायात पुलिस, रायपुर आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील करती है कि सड़क एवं सर्विस रोड पर किसी भी प्रकार से अवैध पार्किंग न करें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में अपना सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!