Skip to main content

PATRIKA24x7

*गुंडरदेही में सूने मकान में लाखों की चोरी, फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉड ने शुरू की जांच*

परस साहू बालोद

*गुंडरदेही, बालोद।* नगर में रविवार को चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। साहू सदन के पीछे स्थित कंचन डहरे के सूने मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर, नकदी एवं अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।

जानकारी के अनुसार घटना के समय परिवार ग्राम रूदा में आयोजित पारिवारिक दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गया था। घर में ताला लगाकर गए परिवार के लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। इसके बाद तत्काल गुंडरदेही पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।

घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। नगरवासियों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी लाखों रुपये की बताई जा रही है। चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत और अन्य तथ्यों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!