Skip to main content

PATRIKA24x7

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की वर्चुअल बैठक लेकर प्रदेश के सभी जिलों में ’पारस’ पोर्टल में शामिल कार्यों के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की।

परस साहू बालोद

कार्य की समुचित प्रगति एवं बेहतर क्रियान्वयन की सराहना की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की वर्चुअल बैठक लेकर प्रोजेक्ट असेसमेंट रिव्यू एवं एनालिसिस सिस्टम ’पारस’ पोर्टल के अंतर्गत राज्य शासन द्वारा शामिल किए गए कार्यों का प्रदेश के सभी जिलों में क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज के बैठक के एजेण्डे में शामिल अलग-अलग विभागों के सभी 06 परियोजनाओं के समुचित क्रियान्वयन एवं कार्यों की प्रगति पर सराहना व्यक्त की।

उल्लेखनीय है कि आज आयोजित वर्चुअल बैठक के दौरान मुख्यमंत्री साय ने निर्धारित एजेंडे के अनुसार ’पारस’ पोर्टल में शामिल मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के अंतर्गत प्रदेश के सभी जिलों में शिकायतों का समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण, लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत सेवा प्रदायगी की स्थिति, एग्रीस्टैक पोर्टल में किसान पंजीयन के कार्य के अंतर्गत 100 प्रतिशत कृषक पंजीयन एवं समयबद्ध डिजिटल फसल सर्वेक्षण कार्य की प्रगति, वीबी जीरामजी योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा, पाठ्य पुस्तक, गणवेश, सरस्वती सायकल वितरण एवं प्रधानमंत्री पोषण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। इस मौके पर मुख्य सचिव श्री विकासशील, अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ऋचा शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, शिक्षा विभाग के सचिव डाॅ. कमलप्रीत सिंह, इलेक्ट्राॅनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अंकित आनंद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।

बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवेदन कर्ताओं से लिए जा रहे फीडबैक के संबंध में भी जानकारी ली। राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि सीएम हेलपलाइन के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के निराकरण के पश्चात् आवेदकों से उनके आवेदनों के संबंध में निरंतर फीडबैक ली जा रही है। जिससे कि इसका समुचित निराकरण हो सके। उन्होंने बताया कि इसके अंतर्गत प्रदेश में अब तक 45 हजार आवेदकों के द्वारा अपने आवेदन के निराकरण की स्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए पाॅजीटिव फीडबैक दी गई है। बैठक में मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश के सभी जिलों में लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत सेवा प्रदायगी की स्थिति एवं एग्रीस्टैक पोर्टल में किसान पंजीयन के अंतर्गत शत प्रतिशत किसान पंजीयन एवं समयबद्ध डिजिटल फसल सर्वेक्षण के कार्य के प्रगति के संबंध में भी जानकारी ली।

इस मौके पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी ने बालोद जिले में एग्रीस्टैक पोर्टल में जिले के शत प्रतिशत कृषकों एवं खातेधारकों का अनिवार्य रूप से पंजीयन सुनिश्चित की जाने हेतु जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे उपायों के संबंध में जानकारी दी। बैठक में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वे प्रत्येक माह के अंतिम मंगलवार को पारस पोर्टल में शामिल कार्यों की क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा करेंगे। वर्चुअल बैठक के दौरान आज संयुक्त जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष, जिला शिक्षा अधिकारी एवं ईडीएम सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!