Skip to main content

PATRIKA24x7

बालोद कलेक्टर व एसपी से विहिप नेताओं की मुलाकात, कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर हुई चर्चा।

परस साहू बालोद

फसलों की सुरक्षा को लेकर किसानों की चिंता उठाई, सड़कों पर घूम रहे मवेशियों के लिए गौठानों के उपयोग की मांग

बालोद। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) बालोद जिला संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जिला कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा एवं जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण से सौजन्य मुलाकात की। विहिप जिला अध्यक्ष बलराम गुप्ता के नेतृत्व में पहुंचे संगठन के पदाधिकारियों ने जिले से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अधिकारियों से चर्चा की।
इस दौरान विहिप नेताओं ने नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया तथा उन्हें रामायण धर्मग्रंथ भेंट किया। वहीं विहिप मातृशक्ति की बहनों ने भी जिला कलेक्टर को रामायण धर्मग्रंथ भेंट कर विभिन्न सामाजिक एवं जनहित के विषयों पर चर्चा की।

कृषि समय में मवेशियों से फसलों को नुकसान की चिंता वही ऐसे माहौल में पशु तस्करी को मिलेगा बढ़ावा
विहिप प्रतिनिधिमंडल ने वर्तमान कृषि सीजन में किसानों के सामने आ रही समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। संगठन के नेताओं ने बताया कि बड़ी संख्या में मवेशियों के खुले में घूमने के कारण किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने यह भी बताया कि कई स्थानों पर दूसरे गांवों से मवेशियों को लाकर छोड़ने की शिकायतें सामने आती हैं, जिससे किसानों की परेशानी बढ़ जाती है।
विहिप नेताओं ने मांग की कि सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों को व्यवस्थित रूप से रखने के लिए पूर्व में बनाए गए गौठानों का उपयोग किया जाए। जिले के जिन गौठानों में पर्याप्त स्थान एवं सुविधाएं उपलब्ध हैं, वहां आवश्यक व्यवस्था कर मवेशियों को रखने की पहल की जाए।

सड़कों पर मवेशियों से हो रही दुर्घटनाओं पर एसपी ने जताई चिंता

मुलाकात के दौरान सड़कों पर खुले में घूमने एवं बैठने वाले मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं का विषय भी प्रमुखता से उठा। विहिप नेताओं ने बताया कि सड़क पर मवेशियों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे आम लोगों की जान को खतरा बना हुआ है।

पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने भी इस विषय को गंभीर बताते हुए कहा कि सड़कों पर बड़ी संख्या में खुलेआम घूमने एवं बैठने वाले मवेशियों के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार कर आगामी समय में काम करने की बात कही।
एसपी चव्हाण ने कहा कि वे महाराष्ट्र से हैं, जहां किसान सामान्यतः मवेशियों को घरों में ही रखते हैं और इस दिशा में जागरूकता अधिक है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी इस विषय पर जागरूकता एवं व्यवस्था की आवश्यकता है। उन्होंने आगामी समय में कलेक्टर के साथ होने वाली बैठक में इस विषय को प्रमुखता से उठाने की बात कही।

धर्मांतरण के विषय पर भी हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान विहिप नेताओं और पुलिस अधीक्षक के बीच धर्मांतरण से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। विहिप पदाधिकारियों ने जिले में संगठन की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों की जानकारी अधिकारियों को दी तथा जनहित से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा की।

मवेशियों की सुरक्षा के साथ किसानों को भी मिले राहत
विहिप नेताओं ने कहा कि खुले में घूमने वाले मवेशियों की समस्या का समाधान केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए समाजसेवी संगठनों, गौसेवकों, स्थानीय लोगों और किसानों को भी आगे आना होगा। किसानों से भी अपील की गई कि वे अपने मवेशियों को सड़कों पर खुले में न छोड़ें।
विहिप नेताओं ने यह भी कहा कि कृषि कार्य के दौरान यदि मवेशियों को व्यवस्थित तरीके से गौठानों में रखने की व्यवस्था की जाती है, तो इससे किसानों की फसलों की सुरक्षा के साथ-साथ मवेशियों को भी सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा वही गौ तस्करी में भी रोक लगेगा।

ये रहे उपस्थित मुलाकात के दौरान विहिप जिला अध्यक्ष बलराम गुप्ता, जिला मंत्री पोषण बनपेला, जिला उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, जिला कोषाध्यक्ष राजेश सोनी, जिला उपाध्यक्ष ममता यदु, सह मंत्री उमेश सेन, समरसता जिला प्रमुख जितेंद्र सहाड़ा, जिला अध्यक्ष संत समिति विनोद गिरी गोस्वामी, फागू राम सिन्हा, किशन साहू, दल्ली राजहरा नगर मातृशक्ति संयोजिका ऊषा साहू, चिखलाकसा नगर संयोजिका सावित्री सोनी एवं जिला सेवा प्रमुख मातृशक्ति संगठन पुनीता पांडेय सहित विहिप एवं मातृशक्ति संगठन के पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!