Skip to main content

PATRIKA24x7

गुण्डरदेही में हर्षोल्लास से मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस, बुढ़ादेव मंदिर में टिन शेड का लोकार्पण।

परस साहू बालोद

*गुण्डरदेही।* आदिवासी समाज गुण्डरदेही द्वारा 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। उक्त अवसर पर कोकड़ी पारा तालाब पार स्थित बुढ़ादेव मंदिर स्थल परिसर में नव निर्मित टिन शेड का लोकार्पण भी किया गया।

कार्यक्रम के *मुख्य अतिथि पूर्व विधायक राजेन्द्र राय* रहे। *कार्यक्रम की अध्यक्षता सर्व आदिवासी समाज बालोद के अध्यक्ष अर्जुनसिंह तारम* ने की। *विशेष अतिथि* के रूप में नगर पंचायत उपाध्यक्ष विजय सोनकर, परिक्षेत्रीय अध्यक्ष रामदयाल सोरी, आदिवासी गोड़ महासभा अध्यक्ष थानसिंह मंडावी एवं पार्षद संतोष नेताम मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि *पूर्व विधायक राजेन्द्र राय* ने कहा कि “आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और जल-जंगल-जमीन से जुड़ाव ही हमारी असली पहचान है। विश्व आदिवासी दिवस हमें अपने गौरवशाली इतिहास को याद करने और आने वाली पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का अवसर देता है। समाज को शिक्षा और एकता के माध्यम से आगे बढ़ना होगा। बुढ़ादेव मंदिर में टिन शेड निर्माण से श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। मैं समाज के इस प्रयास की सराहना करता हूं।”

विशेष अतिथि *नगर पंचायत उपाध्यक्ष विजय सोनकर* ने कहा कि “समाज के विकास के लिए एकता और शिक्षा सबसे जरूरी है। नगर पंचायत की ओर से बुढ़ादेव मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण और अन्य सुविधाओं के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा। आदिवासी समाज की संस्कृति को बचाकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।”

इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं और युवा उपस्थित थे। कार्यक्रम में पारंपरिक गीत-संगीत और गोंडी नृत्य की प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। अंत में समाज के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!