Skip to main content

PATRIKA24x7

अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए धरना प्रदर्शन का ढोंग कर रहे कांग्रेस विधायक : पुष्पेंद्र चंद्राकर।

परस साहू बालोद

*गुण्डरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद के धरना प्रदर्शन को लेकर भाजपा नेता ने कसा तंज*

*बालोद :-* बालोद जिले की गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं, सड़क मरम्मत और स्वास्थ्य सेवाओं की मांग को लेकर कांग्रेस विधायक कुंवर सिंह निषाद द्वारा दिए जा रहे धरने पर अब राजनीति गरमा गई है। विधायक के इस प्रदर्शन पर तीखा हमला बोलते हुए भारतीय जनता पार्टी के नेता और पूर्व जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र चंद्राकर ने इसे अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने का प्रयास बताया है।

भाजपा नेता पुष्पेंद्र चंद्राकर ने विधायक पर तंज कसते हुए कहा कि कुंवर सिंह निषाद लगातार दो बार से क्षेत्र के विधायक हैं और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में राज्यमंत्री के पद पर भी रह चुके हैं। इसके बावजूद यदि उन्हें अपनी ही क्षेत्र की समस्याओं के लिए धरने पर बैठना पड़ रहा है, तो यह उनके पूरे कार्यकाल की विफलताओं का प्रत्यक्ष प्रमाण है।उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए उन्होंने केवल सत्ता सुख का आनंद लिया और जनता से जुड़ी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जिसके कारण आज यह स्थिति निर्मित हुई है। भाजपा नेता पुष्पेंद्र चंद्राकर ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में पूरा छत्तीसगढ़ विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

प्रदेश भर में भाजपा के विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सक्रियता और निष्ठा के साथ जनता के काम कर रहे हैं। इसके विपरीत गुंडरदेही विधायक अपनी जिम्मेदारियों से भाग रहे हैं और अपनी अकर्मण्यता का ठीकरा दूसरों पर फोड़ने के लिए धरना-प्रदर्शन का ढोंग रच रहे हैं। यह धरना उनके निष्क्रिय कार्यकाल का स्मारक बनकर रह गया है।

भाजपा नेता ने आगे कहा कि आज स्थिति यह हो गई है कि विधायक के पास कोई ठोस काम नहीं बचा है, जिसके कारण वे अपनी भाषायी मर्यादा खो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक कुंवर सिंह निषाद अब भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकाने पर उतर आए हैं जो कि एक जनप्रतिनिधि की गरिमा के पूरी तरह खिलाफ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!