Skip to main content

PATRIKA24x7

वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर जिले भर में हुआ सामूहिक गायन।

परस साहू बालोद

कलेक्ट्रेट परिसर में कलेक्टर, एसपी सहित अधिकारियों-कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत का किया गायन

राष्ट्रीय गीत ’वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के ऐतिहासिक अवसर पर आज संपूर्ण देश एवं प्रदेश के साथ-साथ बालोद जिले में भी सामूहिक रूप से उत्साहपूर्ण ढंग से राष्ट्रीय गीत ’वंदे मातरम का गायन किया गया। इसके अंतर्गत आज संयुक्त जिला कार्यालय परिसर के अलावा जिले के सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारी, तहसील एवं जनपद पंचायतों के साथ-साथ सभी जिला से लेकर ग्राम पंचायत कार्यालयों, शासकीय चिकित्सालयों, स्कूलों एवं महाविद्यालयों सहित शासकीय एवं निजी संस्थानों में सामूहिक रूप से वंदे मातरम् गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में आज संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में भी सुबह 11 बजे सामूहिक रूप से वंदेमातरम् गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस मौके पर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक एवं अजय किशोर लकरा, एडिशनल एसपी चंद्रकांत गवर्ना, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष, डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर सहित संयुक्त जिला कार्यालय एवं पुलिस विभाग के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने एक स्वर में राष्ट्रीय गीत ’वंदे मातरम् का सस्वर गायन किया। अधिकारी-कर्मचारियों के सुमधुर स्वर में एक साथ राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सस्वर गायन से समूचा कलेक्टोरेट परिसर एवं जिले के सभी शासकीय एवं निजी संस्थान देशभक्ति पूर्ण वातावरण से ओत-प्रोत हो गया। इस अवसर पर जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारियों का पूरे एकजुटता के साथ अपने राष्ट्र के प्रति अटूट निष्ठा व सम्मान की अनूपम बानगी देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!