परस साहू बालोद
स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले बालोद पुलिस के लिए गौरव का पल, दो अलग-अलग नक्सल अभियानों के लिए मिले 2 PMG
बालोद। स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले बालोद जिले के पुलिस विभाग के लिए गौरव का क्षण सामने आया है। बालोद में पदस्थ पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (SDOP) विनय कुमार साहू को नक्सल विरोधी अभियानों में अदम्य साहस और शौर्य का परिचय देने के लिए राष्ट्रपति वीरता पदक (PMG) से सम्मानित किया गया है।
विनय साहू वर्तमान में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी, बालोद के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान जिला नारायणपुर में DySP DRG के रूप में पदस्थ रहने के दौरान नक्सल विरोधी अभियानों में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका और वीरता के लिए प्रदान किया गया है।
दो अभियानों के लिए दो राष्ट्रपति वीरता पदक
खास बात यह है कि इस वर्ष विनय कुमार साहू को दो अलग-अलग नक्सल विरोधी अभियानों के लिए दो राष्ट्रपति वीरता पदक (PMG) से सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में किए गए कार्यों को दर्शाती है।
विनय साहू वर्ष 2022 से 2025 तक जिला नारायणपुर में उप पुलिस अधीक्षक DRG एवं नक्सल अभियान के रूप में पदस्थ रहे। इसी दौरान उन्होंने नक्सल विरोधी अभियानों में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए अदम्य साहस और शौर्य का परिचय दिया।
बालोद पुलिस के लिए गौरव की उपलब्धि
राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित होने की खबर सामने आने के बाद बालोद पुलिस महकमे में गर्व का माहौल है। स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले मिली यह उपलब्धि पुलिस विभाग के लिए विशेष गौरव का विषय मानी जा रही है।
नक्सल मोर्चे पर साहस, कर्तव्य के प्रति समर्पण और वीरता के लिए मिला यह सम्मान SDOP विनय कुमार साहू की सेवा यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि बन गया है।

