Skip to main content

PATRIKA24x7

कृषक उन्नति योजना से बदली बोड़ेना के किसान दिलीप की तकदीर, आधुनिक कृषि यंत्रों से संवार रहे क्षेत्र की खेती।

परस साहू बालोद

राज्य शासन की किसान हितैषी कृषक उन्नति योजना ग्रामीण अंचल के किसानों के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव ला रही है। जिले के ग्राम बोड़ेना निवासी प्रगतिशील किसान दिलीप कुमार साहू ने इस योजना से मिले लाभ का सही प्रबंधन कर खेती को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए एक मिसाल कायम की है।

किसान दिलीप ने राज्य शासन की कृषक उन्नति योजना के तहत 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर से धान का विक्रय किया था। योजना से प्राप्त बेहतर आय का उपयोग उन्होंने पारंपरिक खेती को आधुनिक रूप देने में किया। खेती की लागत घटाने और उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने पैडी ट्रांसप्लांटर (धान रोपाई मशीन) खरीदी और अपने 28 एकड़ खेत में मशीनीकृत रोपाई कराई। उन्होंने कम लागत और समय की बचत करते हुए सीमित मानव श्रम में बड़े रकबे में रोपाई पूरी की। मशीन से रोपाई होने से पौधों के बीच निश्चित व समान दूरी रहने से पौधों का बेहतर विकास और धान का अधिक उत्पादन संभव हुआ। आधुनिक यंत्र की सफलता देखकर आसपास के किसानों ने भी अपने खेतों में मशीन से रोपाई कराई। बढ़ती मांग और मुनाफे को आगे बढ़ाते हुए दिलीप कुमार ने अब 02 पैडी ट्रांसप्लांटर मशीनें जुटा ली हैं।

वे अपने गांव के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के किसानों के सैकड़ों एकड़ खेतों में समय पर रोपाई का कार्य संपन्न करा रहे हैं, जिससे क्षेत्र के अन्य किसानों को भी आधुनिक तकनीक का सीधा लाभ मिल रहा है। किसान दिलीप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कृषक उन्नति योजना ने अन्नदाताओं के परिश्रम को सच्चा सम्मान दिया है। योजना की बदौलत आज किसान कर्ज के बोझ से मुक्त होकर आधुनिक खेती की ओर अग्रसर हो रहे हैं। किसान दिलीप ने किसानों की आर्थिक समृद्धि और कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने वाली इस योजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!