परस साहू बालोद
जनहित और पारदर्शिता के प्रति समर्पित वार्ड क्रमांक 07 बालोद के जागरूक नागरिक उमेश सेन द्वारा सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम 2005 के तहत हासिल किए गए आधिकारिक दस्तावेजों से यह तथ्य उजागर हुआ है कि महज 12 नग साधारण उपकरणों की खरीद पर करीब 10 लाख रुपये का सरकारी बजट खर्च किया गया है।
RTI से सामने आई प्रशासनिक प्रक्रिया:
कार्यालय नगर पालिका परिषद बालोद के लेखापाल द्वारा जन सूचना अधिकारी को भेजे गए आधिकारिक पत्र के अनुसार, आवेदक उमेश कुमार सेन ने अध्यक्ष निधि (वर्ष 2025–26) से वार्ड क्रमांक 15 स्थित पुलिस लाइन क्षेत्र में झूला क्रय हेतु दी गई अनुशंसा, प्रशासनिक स्वीकृति, वित्तीय स्वीकृति और इससे जुड़े समस्त प्रमाणित दस्तावेजों की मांग की थी। विभाग द्वारा प्रेषित GeM पोर्टल इनवॉइस, स्टॉक पंजी और आकस्मिक देयक प्रपत्रों से पूरी खरीद प्रक्रिया के आंकड़े सार्वजनिक हुए हैं।
दस्तावेजों में दर्ज गैर-ब्रांडेड (Unbranded) उपकरणों की दरें:
GeM पोर्टल इनवॉइस (संख्या: GEM-60585139) और नगर पालिका के स्टॉक रजिस्टर के अनुसार, रायपुर (खरोरा) की फर्म ‘एम.के. सेल्स कॉर्पोरेशन’ से कुल 12 नग खेल उपकरण खरीदे गए, जिनकी कुल राशि 9,94,600 रुपये दर्ज है:
सी-सॉ (4 Seater Double Bar Seesaw): 3 नग – ₹90,001.90 प्रति नग (कुल ₹2,70,005.70)
गार्डन झूला (Garden Swing with Roof 2-Seater): 3 नग – ₹83,229.60 प्रति नग (कुल ₹2,49,688.80)
फिसलन पट्टी (FRP Outdoor Slide): 3 नग – ₹80,000.99 प्रति नग (कुल ₹2,40,002.97)
मेरी-गो-राउंड (Seated Merry Go Round): 3 नग – ₹78,300.90 प्रति नग (कुल ₹2,34,902.70)
बाजार भाव से अत्यधिक दरों पर अंदेशा:
सार्वजनिक पार्कों में लगने वाले सामान्य लोहे व फाइबर युक्त सी-सॉ या मेरी-गो-राउंड की सामान्य बाजार दरें 15 से 25 हजार रुपये के आसपास मानी जाती हैं। दस्तावेजों में इन सभी सामग्रियों को स्पष्ट रूप से ‘Unbranded’ (गैर-ब्रांडेड) दर्ज किया गया है। ऐसे में एक सी-सॉ का दाम 90,000 रुपये और साधारण फिसलपट्टी का दाम 80,000 रुपये से अधिक होना वित्तीय सतर्कता और सरकारी धन के सदुपयोग पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
कार्यालयीन आकस्मिक देयक (क्रमांक 313) के मुताबिक, अध्यक्ष निधि से टीडीएस और जीएसटी की 2-2 प्रतिशत कटौती के बाद फर्म को 9,54,816 रुपये का अंतिम ई-भुगतान भी किया जा चुका है।

