परस साहू बालोद
बालोद। श्री महावीर गौशाला एवं अनुसंधान केंद्र, बालोद में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भक्तिमय एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गौशाला परिसर स्थित मंदिर में भगवान गोपाल कृष्ण की आकर्षक सजावट के पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना एवं महाआरती संपन्न हुई।
जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की अतिप्रिय गौमाताओं की विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने गौवंश को गुड़, हरा चारा एवं विशेष भोग खिलाकर गौसेवा का लाभ लिया। संध्याकाल से ही गौशाला परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। गौशाला परिसर को दीपों एवं फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
मध्यरात्रि ठीक 12 बजे शंख एवं घंटियों की मंगल ध्वनि के बीच भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। इसके पश्चात भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया तथा श्रद्धालुओं को चरणामृत एवं पंजीरी का महाप्रसाद वितरित किया गया।
इसके बाद नन्हे बच्चों एवं महावीर गौशाला के सदस्यों ने सामूहिक रूप से भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों एवं भक्तिमय भजनों से पूरा गौशाला परिसर कृष्ण भक्ति में सराबोर हो गया। श्रद्धालु भी भजनों के साथ भाव-विभोर होकर भक्तिरस में डूबे नजर आए।
कार्यक्रम के अगले चरण में दही लूट का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके पश्चात रास-गरबा का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित लोगों ने भक्तिमय वातावरण में उत्साह के साथ सहभागिता की। देर रात तक गौशाला परिसर में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।
इस पावन अवसर पर गौशाला समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने भगवान श्रीकृष्ण एवं गौमाता से क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में गौशाला के सचिव विनय सोनी ने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं, समिति के सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष समीर गुप्ता, सचिव विनय सोनी, सदस्य छोटेलाल चंद्राकर, जितेन्द्र सोनी, योगेश साहू, राज सोनी, अंकेश, देवव्रत, रेखा, शीतल, पूर्वा, पूजा, वैशाली सहित नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

