परस साहू बालोद
परीक्षा में नाई समाज के लिए अशोभनीय शब्द के प्रयोग पर फूटा आक्रोश, कलेक्टर के जरिए सीएम और शिक्षा मंत्री को सौंपा ज्ञापन; दोषी अफसरों पर कड़ी कार्रवाई और प्रश्न विलोपित करने की मांग
बालोद: छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा 20 सितंबर को आयोजित परीक्षा में सेन (नाई) समाज के लिए अशोभनीय व असम्मानजनक शब्द का प्रयोग किए जाने से पूरे प्रदेश का सेन समाज आक्रोशित हो उठा है। लाखों परीक्षार्थियों के सामने समाज की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाले इस कृत्य के विरोध में जिला सेन समाज बालोद ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। समाज के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्कूल शिक्षा मंत्री के नाम जिला कलेक्टर बालोद को ज्ञापन सौंपकर जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई करने तथा विवादित शब्द को प्रश्न-पत्र से विलोपित करने की मांग की है।
गरिमा पर हमला, कमजोर समझने की भूल न करे शासन: जिलाध्यक्ष संतोष कौशिक ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला सेन समाज बालोद के जिलाध्यक्ष संतोष कौशिक ने तीखे शब्दों में कहा, “व्यापमं के प्रश्न-पत्र में हमारे स्वाभिमानी सेन समाज के लिए अपमानजनक शब्द का प्रयोग कर लाखों युवाओं के बीच हमारी सामाजिक गरिमा को ठेस पहुँचाने का अक्षम्य कृत्य किया गया है। शांतिप्रिय और सेवाभावी समाज को कमजोर समझने की भूल न की जाए; यह किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे समाज की अस्मिता और सम्मान का विषय है। हमारी मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री से दो टूक मांग है कि प्रश्न-पत्र तैयार करने वाले और समीक्षा में आंखें मूंदने वाले जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल स्पष्टीकरण लेकर उन पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए तथा इस आपत्तिजनक शब्द को परीक्षा रिकॉर्ड से हटाया जाए। यदि शासन स्तर पर हमारी संवैधानिक मर्यादा की रक्षा करते हुए त्वरित न्याय नहीं मिला, तो सेन समाज अपने मान-सम्मान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आर-पार का संघर्ष छेड़ने को विवश होगा।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि आपत्ति का उद्देश्य किसी व्यवस्था पर बेबुनियाद आरोप लगाना नहीं, बल्कि उस गैर-जिम्मेदाराना मानसिकता पर प्रहार करना है जिसने बिना किसी आधिकारिक स्रोत और सामाजिक स्वीकार्यता के ऐसे शब्द को शामिल किया।
सड़क पर उतरने की दी सीधी चेतावनी: जिला मीडिया प्रभारी उमेश सेन मामले को लेकर बालोद जिला मीडिया प्रभारी उमेश कुमार सेन ने कड़ा रुख अपनाते हुए दो टूक कहा कि व्यापमं की परीक्षा में सेन समाज के लिए प्रयोग किए गए अशोभनीय शब्द पर समाज किसी भी सूरत में चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन से मांग की कि इस घोर आपत्तिजनक शब्द को परीक्षा रिकॉर्ड और आगामी प्रक्रियाओं से अविलंब विलोपित किया जाए। लाखों परीक्षार्थियों के सामने समाज का उपहास उड़ाने वाले प्रश्न-पत्र निर्माता और लापरवाह समीक्षा अधिकारियों पर सरकार तत्काल दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करे। उमेश सेन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सेवाभावी और शांतिप्रिय सेन समाज को कमजोर समझने की भूल न की जाए, क्योंकि समाज अपने स्वाभिमान और संवैधानिक मर्यादा की रक्षा के लिए पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने शासन को अल्टीमेटम दिया कि यदि प्रशासन ने इस गंभीर सामाजिक असंवेदनशीलता पर अविलंब संज्ञान लेकर ठोस कदम नहीं उठाया, तो समाज दफ्तरों से निकलकर सड़कों पर उतरेगा और राज्यव्यापी उग्र आंदोलन छेड़ेगा।
ज्ञापन सौंपने में ये प्रमुख पदाधिकारी रहे शामिल
कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर शासन के नाम ज्ञापन सौंपने वालों में सेन समाज के शीर्ष नेतृत्व के साथ बड़ी संख्या में स्वजातीय जन शामिल रहे।
प्रमुख रूप से: जिलाध्यक्ष: संतोष कौशिक
महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष: ममता सेन
जिला मीडिया प्रभारी: उमेश सेन
जिला पदाधिकारी: संतोष श्रीवास, टुमन कौशिक
ब्लॉक अध्यक्ष गण: सेतु राम शांडिल्य, मोहन सेन, मुकेश भारद्वाज, छोटू कौशिक, द्वारिका शांडिल्य, कमल नारायण कौशिक वरिष्ठ प्रतिनिधि व सदस्य: रूपेंद्र सेन, दिलीप कौशिक, सतीश श्रीवास, ढालेश्वर भारद्वाज, गजेंद्र कौशिक, जनक कौशिक, हुमन भारद्वाज सहित समाज के अनेक प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।
बालोद से उठी यह मांग अब केवल एक जिले तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के सेन समाज ने इसे अपनी अस्मिता का सवाल बना लिया है। समाज ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक दोषी अधिकारियों पर जवाबदेही तय नहीं होती, तब तक यह लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगी।
