परस साहू बालोद
चिचबोड़। ग्राम पंचायत चिचबोड़ में मुक्तिधाम निर्माण कार्य का भूमिपूजन शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को किया गया। गांव में मुक्तिधाम की सुविधा नहीं होने से ग्रामीणों को लंबे समय से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर मुक्तिधाम निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुक्तिधाम ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण मांग थी और जल्द ही इसका निर्माण कार्य पूरा कर इसे मूर्त रूप दिया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को आवश्यक सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया, जनपद सदस्य सतीश भेड़िया, सरपंच लक्ष्मी साहू, ग्राम विकास समिति अध्यक्ष सुखदेव साहू, वरिष्ठ कार्यकर्ता चंद्रभान साहू, बूथ अध्यक्ष चिंताराम साहू सहित समस्त पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने मुक्तिधाम निर्माण की पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे गांव की लंबे समय से चली आ रही मूलभूत समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
यह जानकारी ग्रामीण श्री दीपक कुमार साहू ने दी।
