परस साहु बालोद
*बालोद।* जिला मुख्यालय से 5 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत ओरमा के आश्रित ग्राम मेंड़की में स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता अभियान चलाया गया। गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत द्वारा हर सार्वजनिक स्थल और दुकानों में डस्टबिन का वितरण किया गया।
ग्राम पंचायत ओरमा में सरपंच मंजूलता साहू के मार्गदर्शन में स्वच्छता समिति द्वारा यह अभियान चलाया गया। अभियान के तहत ग्रामीणों को सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखने के प्रति जागरूक किया गया। स्वच्छता समिति की महिलाओं ने गांव में डोर-टू-डोर जाकर प्रत्येक घर में स्वच्छता का संदेश दिया और कचरा प्रबंधन की जानकारी दी।
सरपंच मंजूलता साहू ने कहा कि “हमने ठाना है, स्वच्छ ग्राम बनाना है।” घर से निकलने वाला सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखें और स्वच्छता समिति के सदस्यों को दें। उन्होंने ग्रामीणों से डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन में सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर पंच रोशनी साहू, संतोष साहू,विश्व कांत भारद्वाज, स्वच्छता समिति के अध्यक्ष जानकी साहू, पुष्पा साहू, किरण साहू, किरण यादव, रुक्मणी साहू, दीप साहू सहित बड़ी संख्या में स्वच्छता समिति की महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने गांव को प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने भी इस अभियान का स्वागत किया और सहयोग का आश्वासन दिया।
