Skip to main content

PATRIKA24x7

*खतरनाक तरीके से भूसा परिवहन पर गुण्डरदेही पुलिस की कार्रवाई, 3000 का काटा चालान।*

परस साहू बालोद

*गुण्डरदेही।* नगर में यातायात व्यवस्था को बिगाड़ने और राहगीरों की जान जोखिम में डालकर वाहन चलाने वाले ट्रक चालक पर गुण्डरदेही पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत खतरनाक ड्राइविंग का मामला दर्ज करते हुए 3000 रुपये का चालान किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक सीजी 07 सीएच 9990 के चालक हेमचंद निषाद पिता दयालु निषाद उम्र 40 वर्ष द्वारा पुराने ट्रक को जुगाड़ से कंटेनर बनाकर ओवरलोड भूसा का परिवहन किया जा रहा था। चालक द्वारा सड़क पर लापरवाहीपूर्वक और तेज गति से वाहन चलाया जा रहा था। भूसा अधिक मात्रा में भरे होने के कारण वाहन का संतुलन पूरी तरह से बिगड़ा हुआ था। इससे सड़क पर चलने वाले दोपहिया, चारपहिया और पैदल राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नगर के मुख्य मार्ग से एक ओवरलोड भूसा भरा ट्रक गुजर रहा है, जिससे यातायात बाधित हो रहा है। सूचना मिलते ही गुण्डरदेही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रक को घेराबंदी कर रोका। जांच के दौरान पाया गया कि चालक ने सीट बेल्ट भी नहीं लगाया था, जो कि यातायात नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।

पुलिस ने चालक के विरुद्ध धारा 184 खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने चालक को भविष्य में इस तरह वाहन न चलाने की सख्त हिदायत भी दी है।

दूसरी ओर गुण्डरदेही क्षेत्र में भूसा सप्लायरों की मनमानी लगातार बढ़ती जा रही है। भूसा सप्लायर द्वारा ट्रकों में इस कदर भूसा भरा जाता है कि सामने से आने वाले और पीछे चलने वाले राहगीरों को सड़क दिखाई नहीं देती, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कई बार तो त्रिपाल फटने से भूसा सड़क पर बिखर जाता है, और भूसा आम राहगीरों की आंखों में चुभता है।

नगरवासियों का कहना है कि इस मामले में आरटीओ विभाग और यातायात विभाग ध्यान नहीं दे रहा है, जिसके कारण सप्लायर बेखौफ होकर रोजाना ओवरलोड परिवहन कर रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे वाहनों पर नियमित जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि सड़क हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!