Skip to main content

PATRIKA24x7

*महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी, विधायक ललित चंद्राकर ने जताया सरकार का आभार।*

परस साहु बालोद

*दिवाली से पहले बहनों को मिला खुशियों का उपहार*

*महिलाओं का सम्मान और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना केंद्र एवं राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता है – विधायक ललित चंद्राकर*

दुर्ग। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन अवसर पर नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान से केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर प्रदेश की पात्र महिला हितग्राहियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 1-1 हजार रुपये की राशि अंतरित की गई।

इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की गारंटी के अनुरूप प्रदेश सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

विधायक चंद्राकर ने कहा कि महतारी वंदन योजना से दुर्ग ग्रामीण सहित प्रदेश की लाखों महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे वे अपनी छोटी-छोटी जरूरतों को स्वयं पूरा कर पा रही हैं। महिलाओं के चेहरे पर खुशी और उनके जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव ही इस योजना की सार्थकता है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना केंद्र एवं राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों को आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है।

विधायक चंद्राकर ने कहा कि महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी होना प्रदेश की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण निरंतरता है। राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि योजना के पात्र हितग्राहियों को नियमित रूप से इसका लाभ मिलता रहे।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण से ही परिवारों में आएगी समृद्धि और हर आंगन में खुशियों की रोशनी फैलेगी।

उन्होंने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े एवं प्रदेश मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

—

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!