Skip to main content

PATRIKA24x7

योग से ही स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन संभव : अरुण साव।

लीलाधर साहू

गुण्डरदेही।

*अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय आयोजन में उप मुख्यमंत्री ने किया योगाभ्यास*

*‘‘योग संगम, हरित योग’’ की थीम पर 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन*

बालोद//रायपुर. 21 जून 2025. उप मुख्यमंत्री अरुण साव अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आज मुंगेली जिला मुख्यालय में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास में शामिल हुए। उन्होंने विधायक पुन्नू लाल मोहले और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ योगाभ्यास किया। मुंगेली के आदर्श कृषि उपज मंडी परिसर में ‘‘योग संगम, हरित योग’’ की थीम पर 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय आयोजन किया गया था। योगाचार्य विवेक केशरवानी और पुरुषोत्तम जायसवाल ने प्राणायाम सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने योगाभ्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज की भाग-दौड़ भरी जिंदगी में स्वस्थ तन और मन के लिए योग बहुत जरूरी है। योग से ही स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन संभव है। लोगों का रुझान योग की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को स्वस्थ और प्रसन्न रहने तथा शारीरिक और मानसिक मजबूती के लिए योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।

विधायक पुन्नू लाल मोहले ने कार्यक्रम में कहा कि योग करने से हमे शांति और आत्मसंतुष्टि मिलती है और हम विभिन्न रोगों एवं विकारों से दूर रहते हैं। उन्होंने योग दिवस पर भव्य कार्यक्रम के लिए जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया।

योगाभ्यास के जिला स्तरीय आयोजन में मुंगेली जिला पंचायत के अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, कलेक्टर कुन्दन, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, वनमंडलाधिकारी अभिनव, अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय, मुंगेली नगर पालिका के अध्यक्ष रोहित शुक्ला और उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा सहित जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और छात्र-छात्राओं ने सामूहिक योगाभ्यास किया।

*‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के तहत किया गया पौधरोपण*

सामूहिक योगाभ्यास के बाद अतिथियों ने कृषि उपज मंडी परिसर में ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। ‘‘जल, वन, जन एक प्राकृतिक प्रबंधन’’ की थीम पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बहेरा के पौधे का रोपण कर पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण को एक अभिनव पहल बताया और आमजनों को अधिक से अधिक पौधे लगाने को प्रेरित किया। विधायक पुन्नू लाल मोहले ने पीपल और जिला पंचायत के अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने बहेरा के पौधे का रोपण कर लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!