PATRIKA24x7

शिक्षक, बालक एवं पालक मिलकर विद्यालय के परीक्षा परिणाम को उत्कृष्ट बनाने में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें: कलेक्टर मिश्रा।

लीलाधर साहू

गुण्डरदेही।

पीएमश्री आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय डौण्डीलोहारा में आयोजित पालक-शिक्षक मेगा बैठक में शामिल होकर अध्ययन-अध्यापन व्यवस्थाओं का किया पड़ताल

पालकों को अपने बच्चों के पढ़ाई-लिखाई के कार्य में सहभागी बनने की दी समझाईश

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा कि शिक्षा गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ परीक्षा परिणाम को बेहतर बनाने में शिक्षक एवं विद्यार्थियों के साथ-साथ पालकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने शिक्षक, बालक एवं पालक मिलकर पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय डौण्डीलोहारा के परीक्षा परिणाम को उत्कृष्ट बनाने में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा। मिश्रा आज पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम विद्यालय डौण्डीलोहारा में आयोजित पालक-शिक्षक मेगा बैठक में शामिल होकर विद्यालय के अध्ययन-अध्यापन के व्यवस्था का पड़ताल किया।

इस दौरान उन्होंने बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान कराने तथा विद्यालय के परीक्षा परिणाम को बेहतर बनाने हेतु आवश्यक सुझाव भी दिए। मिश्रा ने बैठक में उपस्थित पालकों शिक्षकों एवं बच्चों से बातचीत कर पढ़ाई-लिखाई में बच्चों की स्थिति के संबंध में जानकारी ली। मिश्रा ने पालकों से बच्चों की पढ़ाई-लिखाई के संबंध में जानकारी रखने तथा उनके अध्ययन-अध्यापन के कार्य में सहभागी बनने की भी अपील की। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  सुनील चंद्रवंशी, एसडीएम शिवनाथ बघेल, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी हिमांशु मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों के अलावा शिक्षक-शिक्षिका, पालक एवं विद्यार्थीगण उपस्थित थे।

बैठक में मिश्रा ने संस्था के प्राचार्य से पिछले शिक्षा सत्र में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय डौण्डीलोहारा के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियो के अलावा संस्था के प्राचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं से विद्यालय के परीक्षा परिणाम को बेहतर बनाने हेतु जरूरी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा उन्होंने परीक्षा परिणाम को बेहतर बनाने हेतु बच्चों के लिए नियुक्त किए गए मेंटरों से भी बातचीत कर उनके द्वारा परीक्षा परिणाम को बेहतर बनाए जाने हेतु किए जा रहे उपायों के संबंध में जानकारी ली।

कलेक्टर ने बच्चों के परीक्षा परिणाम को बेहतर बनाने हेतु शुरू किए गए मेंटर की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके अंतर्गत 80 प्रतिशत से अधिक अंक वाले तथा 50 से 80 प्रतिशत तक एवं 50 से कम प्रतिशत वाले विद्यार्थियों को तीन श्रेणियों में विभाजित कर इन बच्चों के परीक्षा परिणाम को बेहतर बनाने हेतु प्रत्येक बच्चों के लिए मेंटर नियुक्त की गई है। कलेक्टर ने बैठक में उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं से चर्चा कर विषयवार अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सभी शिक्षकों से कड़ी मेहनत करते हुए शिक्षा गुणवत्ता में सुधार तथा विद्यालय के परीक्षा परिणाम को उत्कृष्ट बनाने के पुनीत कार्य में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा।

इस अवसर पर कलेक्टर मिश्रा ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक वाले बच्चों के परीक्षा परिणाम को और अधिक उत्कृष्ट बनाने हेतु संस्था के प्राचार्य को मेंटर बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कलेक्टर मिश्रा ने बैठक में उपस्थित पालकों से चर्चा कर विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम को बेहतर बनाने के संबंध में आवश्यक सुझाव भी दिए। इस दौरान कलेक्टर मिश्रा ने विद्यालय परिसर में स्थित अटल टिकरिंग लैब, स्टाफ रूम, शौचालय आदि विभिन्न कक्षों का अवलोकन भी किया। कलेक्टर ने अटल टिकरिंग लैब में बच्चों के द्वारा बनाए गए माॅडल का अवलोकन कर इसे और अधिक अपग्रेड करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!